भीषण सर्दी से ठिठुरे समूचे उत्तर भारत के बाशिंदे
कोहरे ने लगाए वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक
चंडीगढ़ (धारा न्यूज): उत्तर भारत भीषण सर्दी की चपेट में आ गया है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में सुबह से ही कोहरा छा गया। कोहरे के कारण परिवहन सेवाओं पर भी असर पड़ा। उत्तर भारत में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने के साथ तीन जनवरी से राहत मिलने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। चार से छह जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश या बर्फबारी का अनुमान है।

दिल्ली में टूटा 15 साल पुराना रिकॉर्ड:
मौसम विभाग ने कहा कि हिमालय के पश्चिमी क्षेत्र में कुछ जगहों पर ओले पड़ने की भी आशंका है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में अगले 24 घंटे के दौरान यही स्थिति रहेगी। दिल्ली में शीत लहर के प्रकोप के बीच न्यूनतम तापमान 15 साल में सबसे कम 1.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बेहद घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य हो गई। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि 15 साल में सबसे कम तापमान है। आज सुबह दिल्ली-एनसीआर में बारिश हुई और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी हल्की बूंदाबादी की सूचना है। बारिश से कोहरा छंट गया लेकिन आसमान में बादल छा गए।
हिमाचल प्रदेश में फिर से बारिश और बर्फबारी: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से बारिश और बर्फबारी (Snowfall) का दौर शुरू हुआ है। लाहौल में बर्फबारी व शिमला, मंडी, समेत तमाम इलाकों में शनिवार सुबह हल्की बूंदाबादी हुई। हिमाचल में शीतलहर (Coldwave) चरम पर है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक प्रदेश में बारिश और बर्फबारी (Snowfall) का अनुमान जताया है। बीते रविवार को हिमाचल में शिमला शहर सहित प्रदेश भर में बर्फबारी देखने को मिली थी, जबकि बीते पांच दिन से प्रदेश में धूप खिली हुई थी, लेकिन एक बार फिर से अब मौसम का मिजाज बिगड़ गया है।