
लखनऊ। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव व कोरोना डेस्क पर अहम जिम्मेदारी संभाल रहे IAS लव कुमार के भाई अंकुर अग्रवाल का शव सहारनपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव के पास लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस ने प्राथमिक जांच-पड़ताल के बाद इसे आत्महत्या बताया है। अंकुर अग्रवाल सहारनपुर के पिलखनी में फैक्ट्री चलाते थेे। मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण सभी की निगाहें इस ओर लगी हुई हैं।

सहारनपुर के प्रख्यात चार्टर्ड अकाउंटेंट केजी अग्रवाल के दो पुत्रों में लव कुमार IAS हैं, जबकि अंकुर पिलखनी में फैक्ट्री चलाते थे। वह सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला ग्रीन पार्क में परिवार सहित रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि सोमवार देर शाम सरसावा थाना क्षेत्र के पिलखनी स्थित उनकी फैक्ट्री के समीप गोली लगा हुआ उनका शव मिला। पिस्टल बराबर में पड़ी मिली। वह सुबह 11 बजे घर से फैक्ट्री के लिए निकले, लेकिन पता नहीं चल रहा था। पुलिस सर्विलांस के जरिए उनको तलाश रही थी। इसी दौरान अंकुर का शव बरामद हुआ।

अंकुर अग्रवाल पिलखनी में प्रथम मेटल इंडस्ट्रीज नाम से फैक्ट्री चला रहे थे। इस फैक्ट्री में बैट्री में पडऩे वाले लेड बनता है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह 45 वर्षीय अंकुर अग्रवाल अपने घर से निकले। इसके बाद उन्होंने किसी का फोन रिसीव नहीं किया। दोपहर में अंकुर अग्रवाल के परिजनों ने एसएसपी डा. एस चन्नपा को अंकुर अग्रवाल के लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन लेनी शुरू की। लोकेशन पिलखनी की मिली, लेकिन सही लोकेशन नहीं मिलने के कारण पुलिस उन्हें तलाशने में नाकाम रही। शाम पांच बजे एक युवक ने अंकुर अग्रवाल का शव एक खेत में पड़ा देखा। फैक्ट्री कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में पता चला कि अंकुर अग्रवाल की कनपटी पर गोली लगी थी। उनकी लाइसेंसी पिस्टल बराबर में पड़ी थी।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या : एसएसपी
एसएसपी डा. एस चन्नपा ने बताया कि अंकुर अग्रवाल के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने उनकी तलाश की। बाद में पता चला कि उनका शव एक खेत में पड़ा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया, लेकिन उनके स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पंचनामा भरकर शव स्वजन को सौंप दिया गया। शव के पास पिस्टल मिलने से प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। अंकुर के मोबाइल की तलाश की जा रही है।
मूलत: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले लव अग्रवाल आंध्र प्रदेश काडर के IAS अफसर हैं। आईआईटी-दिल्ली से 1993 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग करने के बाद उन्होंने सिविल सर्विसेज परीक्षा पास की। 1996 में उन्हें आंध्र प्रदेश काडर मिला। वह आंध्र प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक के साथ ही स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के आयुक्त भी रहे। वर्तमान में वह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव हैं।