
लखनऊ। गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर एलडीए आशियाना कालोनी के वंदे भारत पार्क में देश का झंडा फहराने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसकी देखरेख रिटायर्ड मेजर बीपी पांडेय कुछ साथियों की मदद से कर रहे हैं।

जैसा कि उम्मीद की जानी चाहिए कि पार्क की साफ-सफाई का दायित्व नगर निगम की ओर से निभाया जाए, लेकिन ऐसा होता नहीं है। पार्क में सफाई, पेड़-पौधों की देखरेख नहीं की जाती। कुल मिलाकर पार्क जंगल में तब्दील हो गया है। रिटायर्ड मेजर बीपी पांडेय की मंशा हुई कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर यहां झंडा फहराने का कार्यक्रम किया जाए। उनकी मंशा को जानकर कुछ साथी आगे आए। मेजर ने फोन कर नगर निगम से सफाई कर्मचारियों को बुलवाया, घास काटने को मशीन भी आई और काम शुरू हो गया। अब पक्का चबूतरे का निर्माण कर पोल की स्थापना की जाएगी। उक्त पोल पर ही देश का तिरंगा फहराया जाएगा। मेजर पांडेय ने बताया कि इस कार्य में आने वाले खर्च का वहन, कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर कर रहे हैं। अब पक्के निर्माण से आगे भी कार्यक्रमों के लिए भी सुविधा मिल जाएगी।

जानें ध्वजारोहण और झंडा फहराने में अंतर-
15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस वाले दिन राष्ट्रीय ध्वज को ऊपर खींचा जाता है और फिर फहराया जाता है। इसे ध्वजारोहण कहा जाता है। वहीं 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस वाले दिन राष्ट्रीय ध्वज ऊपर बंधा रहता है। उसे खोलकर फहराया जाता है जिसे झंडा फहराना कहते हैं। अंग्रेजी में ध्वजारोहण के लिए Flag Hoisting और झंडा फहराने के लिए Flag Unfurling शब्द का इस्तेमाल किया जाता है।
