
नई दिल्ली। उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय कोहरे की धुंध है। पंजाब-हरियाणा, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, बंगाल, मध्यप्रदेश में घना कोहरा छाया हुआ है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान सहित भारत के कुछ राज्यों में अगले दो-तीन दिनों में शीतलहर की वजह से ठंड बढ़ने का अनुमान है। यहां घना कोहरा रहने की भी संभावना है। राजधानी दिल्ली में शीतलहर से मामूली राहत मिल सकती है लेकिन सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है।

राजमार्ग-3 ब्लॉक होने से बढ़ेंगी मुश्किलें- हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी देखी गई। इस कारण लाहौल-स्पीति जिले के सिस्सू में राष्ट्रीय राजमार्ग-3 ब्लॉक हो गया है। इससे पहले शनिवार को क्षेत्र में शीत लहर का कहर देखने को मिला था। मौसम विभाग ने रविवार को भारी बर्फबारी होने की चेतावनी दी थी। बर्फबारी और रास्ते ब्लॉक होने से लोगों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ सकती हैं।
दिल्ली में फिर सर्दी बढ़ने के आसार- दिल्ली में आज सुबह न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ जगहों पर सुबह के समय विजिबिलिटी 100 मीटर दर्ज की गई। दिल्ली में पश्चिम व उत्तर-पश्चिम से चलने वाली हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ने और तापमान के चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि अगले चार से पांच दिन तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, असम, मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहेगा। अगले दो-तीन दिनों में बिहार, उत्तरी मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में घना कोहरा छाए रहने का भी अनुमान है।
