बिजनौर। बेनीपुर-हरेवली मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बढ़ापुर के गांव कुंजैटा निवासी एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना में उसका साथी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार बढ़ापुर के गांव कुंजैटा निवासी ललित कुमार (22 वर्ष) अपने मित्र के साथ बाइक संख्या UP20 BQ 1593 से कहीं जा रहा था। बेनीपुर-हरेवली मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर ललित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।