राकेश टिकैत ने कहा, UP, उत्तराखंड और दिल्ली छोड़कर पूरे देश में होगा चक्का जाम

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में कल चक्का जाम नहीं होगा! शनिवार को होने वाले चक्का जाम की तैयारियों के बीच किसान नेता राकेश टिकैत और बलबीर सिंह राजेवाल ने यह ऐलान किया है!
भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि ‘कल उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली को छोड़कर पूरे देश में चक्का जाम होगा। इन दोनों राज्यों में जिला मुख्यालय पर किसान कृषि कानूनों के विरोध में केवल ज्ञापन दिए जाएंगे। उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में चक्का जाम टालने को लेकर राकेश टिकैत ने कहा कि इन दोनों जगहों को लोगों को स्टैंडबाय पर रखा गया है और उन्हें कभी भी दिल्ली बुलाया जा सकता है। इसलिए यूपी-उत्तराखंड के लोग अपने ट्रैक्टरों में तेल-पानी डालकर तैयार रहें। उन्होंने कहा कि अन्य सभी जगहों पर तय योजना के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से काम होगा।

उधर, किसान नेता दर्शनपाल सिंह ने कहा कि हम कल दिल्ली में चक्का जाम नहीं कर रहे हैं। हम सभी बार्डरों पर शांतिपूर्ण तरह से बैठेंगे। दोपहर 12 से 3 बजे तक ही चक्का जाम रहेगा। वहीं दिल्ली पुलिस के PRO चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि प्रदर्शनकारी किसानों ने चक्का जाम का प्रस्ताव रखा है। इस दौरान 26 जनवरी जैसे हालात न हो जाएं, इसलिए दिल्ली पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि दिल्ली की सीमाओं से कोई भी असमाजिक तत्व राजधानी के भीतर न घुस सके। वहीं किसानों के चक्का जाम को लेकर पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव की बैठक में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कल होने वाले किसानों के चक्का जाम को लेकर चर्चा की।