
गैस में लगी आग: आम आदमी को फिर लगा तगड़ा झटका
25 रुपए महंगा हुआ रसोई गैस सिलेंडर
नई दिल्ली। मार्च के पहले दिन फिर से एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 25 रुपए का इजाफा हुआ है। फरवरी के महीने में गैस सिलेंडर की कीमत में 100 रुपए का उछाल आया था।
इससे पहले 25 फरवरी को कीमत में उछाल आया था। पहले, 4 फरवरी को 25 रुपए, 14 फरवरी को 50 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। वहीं 25 फरवरी को इसमें 25 रुपए का इजाफा हुआ था। फरवरी महीने में रसोई गैस का दाम 100 रुपए बढ़ गया। पिछले एक महीने में कीमत में चौथी बार तेजी आई है और अब तक 125 रुपए बढ़ गए हैं। इसी के साथ कीमत में बढ़ोतरी के बाद अब दिल्ली में घरेलू गैस का रेट 794 से बढ़कर 819 रुपए हो गया है।

इन चार महानगरों में लेटेस्ट प्राइस-
-दिल्ली में नई कीमत 819 रुपए
-मुंबई में नई कीमत 819 रुपए
-कोलकाता में नई कीमत 845.50 रुपए
-चेन्नई में नई कीमत 835 रुपए
19 किलोग्राम वाले सिलेंडर का रेट
वैसे हर महीने की पहली तरीख को एलपीजी के दाम में बदलाव होते हैं। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 90.50 रुपए का उछाल आया है। अब दिल्ली में इस सिलेंडर की कीमत 1614 रुपए हो गई है। उसी तरह मुंबई का रेट अब 1563.50 रुपए प्रति सिलेंडर हो गया है। कोलकाता में यह कीमत 1681.50 रुपए और चेन्नई का रेट 1730.5 रुपए हो गया है। इससे पहले राजधानी में 19 किलो वाले सिलेंडर का भाव 1533.00 रुपए, कोलकाता में 1598.50 रुपए, मुंबई में 1482.50 रुपए और चेन्नई में 1649.00 रुपए था।
ऐसे चेक करें एलपीजी की कीमत-
रसोई गैस सिलेंडर की कीमत चेक करने के लिए सरकारी तेल कंपनी की वेबसाइट खोलनी होगी। यहां पर कंपनियां हर महीने नए रेट्स जारी करती हैं। (https://iocl.com/Products/IndaneGas.aspx) इस लिंक पर आप अपने शहर के गैस सिलिंडर के दाम चेक कर सकते हैं।