कोरोना की दूसरी लहर काफी खतरनाक है और अधिकतर लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। वायरस कहीं से भी, किसी को भी अपना शिकार बना सकता है। बाहर से लौटे आपके घर के किसी भी एक व्यक्ति की लापरवाही पूरे घर को चपेट में ले सकती है।
मास्क सही से पहनें- जब भी घर से बाहर निकलें, मास्क जरूर पहनें। मास्क पहनने के नाम पर लापरवाही ना करें। मास्क में नाक और मुंह पूरी तरह से ढंका होना चाहिए। मास्क चेहरे पर पूरी तरह फिट होना चाहिए। मास्क ऐसा होना चाहिए, जिसमें आप सांस भी आसानी से ले सकें।
सही तरीके से हाथ धोएं- अपने हाथों को साबुन और पानी से 20 सेकेंड तक धोएं। अगर आप कहीं ऐसी जगह हैं जहां पानी-साबुन नहीं है तो आप सैनिटाइजर से हाथों को साफ करें।
6 फीट की दूरी- भीड़भाड़ वाली जगह पर जाने से बचें, दूसरे लोगों से कम से कम 6 फीट की दूरी बनाए रखें। याद रखें कि बिना लक्षण के भी लोग कोरोना फैला सकते हैं।
खांसते या छींकते समय मुंह को ढकें- अगर मास्क पहनने के समय आपको छींक या खांसी आती है तो मास्क बिल्कुल ना उतारें। मास्क में छींकने के बाद अपना मास्क तुरंत बदल लें और हाथों को अच्छे से धोएं। अगर आपने मास्क नहीं पहना है तो खांसते समय टिश्यू से अपने मुंह और नाक को ढकें।
घर में आकर तुरंत नहाएं- अगर आप घर के बाहर जाते हैं किसी काम से और वापस आते हैं तो किसी चीज को बिना छुए और किसी से मिले सबसे पहले नहाएं। ये भी कर सकते हैं- कई बार नहाना संभव नहीं होता। इसलिए शरीर के खुले अंगों को साबुन से अच्छी तरह से धोएं। कपड़े बदलकर उल्टे करके गर्म या गुनगुने पानी में डाल दें।