पूर्व क्षेत्राधिकारी पुलिस के निधन पर जताया शोक। एसपी क्राइम एटा के पद पर थे तैनात राहुल कुमार। होम क्वारंटाइन में घर पर व्यायाम करते समय गिरे।

बिजनौर। क्षेत्राधिकारी पुलिस नजीबाबाद रह चुके राहुल कुमार का आकस्मिक निधन हो गया। वह वर्तमान में एसपी क्राइम एटा के पद पर तैनात थे। उनके निधन के समाचार पर नगर में भी लोगों ने गहरा दु:ख जताया। एसपी क्राइम एटा के पद पर तैनात राहुल कुमार का नजीबाबाद से भी नाता रहा है। क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद के पद पर रहते हुए उन्होंने व्यापारी जौली हत्याकांड का खुलासा किया था। साथ ही गंगास्नान के दिन नांगलसोती में भरे बाजार में दिन दहाड़े सर्राफ अरुण कुमार के यहां डाली गयी डकैती और दोहरे हत्याकांड का भी खुलासा किया था। इससे क्षेत्र के लोग उनकी कार्यशैली से काफी प्रभावित रहे हैं। बताया जा रहा है कि एसपी क्राइम एटा राहुल कुमार करीब दस दिन पूर्व कोरोना पॉजिटिव हुए थे। वह तभी से होम आइसोलेशन में थे। बुधवार की सुबह व्यायाम करते समय अचानक उनकी तबियत खराब हो गयी और वे नीचे गिर गए। उन्हें जिला अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया। कुछ ही देर बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर डीएम एटा डॉ. विभा चहल, एसएसपी एटा उदय शंकर सिंह आदि अधिकारी अस्पताल पहुंचे। कुछ दिन पूर्व ही कोरोना से उनके भाई की भी मौत हो गयी थी। कोरोना से संक्रमित होने के कारण चुनाव के समय में भी उन्होंने घर से ही काम किया था। उनके निधन के समाचार पर नगर के कई संगठनों व व्यक्तियों ने गहरा दु:ख व्यक्त किया तथा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने के साथ ही उनके परिजनों को इस दु:ख की घड़ी में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने को ईश्वर से प्रार्थना की।