जिला कारागार से छोड़े जाएंगे 20 कैदी और 160 बंदी अंतरिम जमानत व 60 दिन की पैरोल की कवायद

बिजनौर। कोरोना संक्रमण के बढ़़ते खतरे को देखते हुए शासन के निर्देश पर जिला कारागार से करीब 20 कैदी और 160 बंदी जिला कारागार से छोड़े जाएंगे। इन बंदियों को अंतरिम जमानत और कैदियों को पैरोल पर छोड़ा जाएगा। इसके लिए लिस्ट तैयार की जा रही है। कोरोना महामारी के लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए शासन ने जेलों में बंदियों का बोझ कम करने के लिए निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत 60 दिन की पैरोल पर कैदियों को छोड़ा जाएगा। वहीं लगभग इतने ही दिनों की अंतरिम जमानत बंदियों को दी जानी है। विदित हो कि पिछले साल लॉकडाउन में भी बंदियों और कैदियों को छोड़ा गया था। उस वक्त बिजनौर जेल से 175 बंदी अंतरिम जमानत पर बाहर आए थे, जबकि 16 कैदियों को पैरोल मिली थी। उन्हें 28 दिन के लिए छोड़ा गया था लेकिन बाद में इस अवधि को बढ़ाते हुए 5 महीने कर दिया गया था। एक बार अब फिर से वही व्यवस्था की जा रही है। शासन के आदेश पर जिला कारागार प्रशासन ने करीब 160 बंदियों की लिस्ट तैयार की है। इन्हें अंतरिम जमानत के लिए जेल में लगने वाली कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा। इसके अलावा 20 कैदियों की लिस्ट तैयार कर शासन को भेजी जानी है। इसके बाद ही इन्हें पैरोल पर रिहा कर दिया जाएगा।जेलर एसपी सिंह ने बताया कि करीब 160 बंदियों को शासन के निर्देश पर अंतरिम जमानत दिलाई जानी है। इसके लिए सूची तैयार हो चुकी है। 10 मई से 20 मई तक जज और मजिस्ट्रेट जेल में दौरा कर अंतरिम जमानत की प्रक्रिया को पूरा करेंगे। इनमें ऐसे लोगों को अंतरिम जमानत पर छोड़ा जाएगा जो कि 7 साल तक की सजा वाले केस में जेल में बंद हैं। शासन के दिशा निर्देश के चलते पैरोल पर छोडऩे के लिए सूची तैयार की जा रही है। कैदियों की सूची शासन को भेजी जाएगी। जबकि बंदियों को अंतरिम जमानत पर छोड़ा जाना है।