नदियों में शव प्रवाहित करने से रोकने की कवायद। गंगा के साथ ही सहायक नदियों में भी होगी पेट्रोलिंग।

बिजनौर। नदियों में शव प्रवाहित करने से रोकने के लिए रविवार को भी पीएसी के जवानों ने गंगा में पेट्रोलिंग की। वहीं गंगा के साथ ही उसकी सहायक नदियों में भी पुलिस बल रिवर पेट्रोलिंग करेगा। दूसरी ओर गंगा किनारे बसे ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। निर्धनों के अंतिम संस्कार के खर्च का जिम्मा अब ग्राम पंचायत और निकाय उठाएंगे।
नदियों में शवों को बहाने से रोकने के अभियान के तहत रविवार को लगातार दूसरे दिन पीएसी के जवानों ने मोटर बोट से गंगा में पेट्रोलिंग की। बालावाली से लेकर जलीलपुर तक पुलिस बल लगातार गंगा में निगरानी करता रहा। पुलिस अधीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने आदेश जारी किया है कि सिर्फ गंगा ही नहीं बल्कि उसकी सहायक नदियों पर भी निगाह रखी जाए। जिले में बहने वाली मालन, खोह और राम गंगा नदी के तटों पर भी कड़ी निगरानी की जाए। इन सभी नदियों में भी पेट्रोलिंग की जाएगी। इसके अलावा सहायक नदियों के किनारे बसे ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है पुलिस गांव-गांव जाकर यह बता रही है कि पैसे के अभाव में कोई भी सबको नदी में प्रवाहित न करें। अगर किसी को अंतिम संस्कार में आर्थिक दिक्कत आ रही है तो सरकार के खर्च पर विधि विधान से अंतिम संस्कार कराया जाएगा।

जिले में रिवर पेट्रोलिंग की शुरुआत शनिवार को एसपी सिटी डॉक्टर प्रवीण रंजन सिंह की अगुवाई में बिजनौर बैराज से कराई गई थी। विदित हो कि प्रदेश भर में कई स्थानों पर नदियों में शवों के बहा दिए जाने की सूचनाएं मिलने के बाद प्रदेश सरकार ने विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते गंगा के किनारे बसे जिलों में विशेष निगरानी की जा रही है।
संबंधित खबर- https://wp.me/pcjbvZ-1gQ