
साकेंद्र प्रताप दुबारा बने जिला पंचायत अध्यक्ष। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच हुआ मतदान
बिजनौर (एकलव्य बाण समाचार)। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के साकेंद्र प्रताप सिंह ने विजय हासिल की है। उन्होंने एक मात्र प्रतिद्वंदी सपा रालोद की संयुक्त प्रत्याशी चरनजीत कौर को पांच मतों से पराजित किया। मतदान कार्य कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुआ। इस दौरान कलक्ट्रेट परिसर व आसपास के इलाके में चप्पे चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके का जायजा लेते रहे। इस बीच दिन भर दोनों उम्मीदवारों के समर्थक अपनी अपनी जीत का कयास लगाते रहे।
शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान समयानुसार संपन्न हो गया। शुरुआत में ही जिला पंचायत अध्यक्ष पद की विपक्ष से उम्मीदवार चरणजीत कौर और भारतीय किसान यूनियन के दो जिला पंचायत सदस्यों ने अपना वोट डाल दिया। करीब 11 बजे अध्यक्ष पद के भाजपा उम्मीदवार साकेंद्र प्रताप सिंह के खेमे से जिला पंचायत सदस्य वोट डालने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे।

केवल वोटर को ही मिला प्रवेश- कलक्ट्रेट के गेट से केवल वोटर्स को ही अंदर जाने दिया गया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव संपन्न कराया गया। पुलिस ने नुमाइश ग्राउंड पर बैरिकेडिंग करते हुए आवाजाही बंद कर दी थी। उधर दूसरी ओर विकास भवन के सामने बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस ने लोगों को कलक्ट्रेट की तरफ नहीं बढऩे दिया। सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात रही।

रिजल्ट आते ही भाजपाई खेमे में जोश- मतगणना परिणाम आते ही भाजपाई खेमे में जोश छा गया और वह एक दूसरे को बधाईयां देेने लगे। भाजपा के साकेंद्र चौधरी को 30 जबकि गठबंधन प्रत्याशी चरनजीत कौर को 25 मत हासिल हुए। कुल 56 वोट में से एक वोट नहीं पड़ सका।

सत्ता और प्रशासन का दबाव– रालोेद जिलाध्यक्ष राहुल सिंह ने कहा कि जयचंदों की वजह से चुनाव हारे हैं। ये आश्वासन देते रहे। इन लोगों ने सत्ता और प्रशासन के दबाव में आकर भाजपा के प्रत्याशी को वोट किया है। यही हमारे प्रत्याशी की हार का कारण बना।
शासन प्रशासन की नहीं ली मदद- भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि ने कहा कि जिला पंचायत सदस्यों ने भाजपा की नीतियों से खुश होकर भाजपा प्रत्याशी को वोट दिया है। भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए शासन प्रशासन किसी की मदद नहीं ली है। यह नेताओं का चुनाव था। जिन्होंने अपनी मर्जी से भाजपा प्रत्याशी को वोट दिए।