नजीबाबाद रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर यात्रा भगवान जगन्ना्थ मंदिर पहुंचकर हुई पूर्ण। भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और बलभद्र की मूर्तियों पर पुष्प वर्षा। नाचते-गाते व कीर्तन करते चल रहे थे श्रद्धालु।
बिजनौर (एकलव्य बाण समाचार)। नजीबाबाद नगर के रेलवे स्टेशन से पारंपरिक रूप से प्रति वर्ष निकलने वाली भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और बलभद्र जी की लकड़ी से निर्मित मूर्तियों को सजाए गए आसन पर विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गयी। शोभा यात्रा में भजनों व हरि धुनों पर नाचते-गाते श्रद्धालु चल रहे थे। शोभायात्रा भगवान जगन्नाथ मंदिर परिसर पहुंचकर पूर्ण हुई। आरती के बाद प्रसाद वितरित कर भंडारे का आयोजन किया गया।

नजीबाबाद रेलवे स्टेशन परिसर स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर से भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और बलभद्र जी की लकड़ी से निर्मित मूर्तियों को एक छोटे हाथी पर सजाए गए दरबार में विराजित किया गया। इसके बाद नगर के कृष्णा टाकीज चौराहे, नजीबुद्दौला मार्केट, सुराही बाजार, जगन्नाथ चौक, बाजार कल्लूगंज, चौक बाजार होते हुए प्रति वर्ष निकाली जाने वाली पारंपरिक भगवान जगन्नाथ शोभा यात्रा टीला मंदिर परिसर स्थित प्राचीन भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर पर पहुंचकर पूर्ण हुई। शोभायात्रा में पैदल चल रहे श्रद्धालु हरि संकीर्तन व भजन प्रस्तुत करते चल रहे थे। श्रद्धालु भजन गाते व नाचते हुए शोभायात्रा में शामिल रहे। रास्ते में कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्र का स्वागत किया। साथ ही प्रसाद का वितरण भी किया जाता रहा। मंदिर परिसर में मूतियों को उनके आसनों पर विराजमान कर आरती की गई। इसके बाद प्रसाद वितरण कर भंडारे का भी आयोजन किया गया। शोभायात्रा में संजीव अग्रवाल, राजीव अग्रवाल बर्तन वाले, यदु ऐरन, निशिथ ऐरन, कमल बंधु, सुनील राजपूत, जगदीश सिंह, अमित बत्रा, शिवम अग्रवाल, कृष्ण अवतार वर्मा, पंकज अग्रवाल, दीक कर्णवाल आदि का विशेष सहयोग रहा।

