प्रधानों को अधिकारों एवं कर्तव्यों की दी जाएगी जानकारी: सोमदेव सिंह। राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन की कार्ययोजना।

बिजनौर (एकलव्य बाण समाचार)। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को जुलाई माह के अंत तक ब्लॉक स्तर पर ग्राम पंचायतों से संबंधित ट्रेनिंग दी जाएगी। ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल के डवाकरा हाल में आयोजित ग्राम प्रधानों की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष सोमदेव सिंह ने उक्त जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस ट्रेनिंग का उद्देश्य ग्राम प्रधानों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और पंचायतों में कराए जाने वाले विकास कार्यों की जानकारी देना होगा। ट्रेनिंग में लखनऊ से आने वाले ट्रेनर, एडीओ पंचायत, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अन्य अधिकारी ग्रामीणों के लिए शासन प्रशासन द्वारा लाभकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।

समस्या हो तो मिलें: एडीओ
जिला अध्यक्ष सोमदेव सिंह की अध्यक्षता एवं मुरादाबाद मंडल मीडिया प्रभारी डॉ सत्येंद्र शर्मा अंगिरस के संचालन में आयोजित बैठक में एडीओ पंचायत अनिल कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधानों को विकास से संबंधित कार्यों में आने वाली किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान हेतु वह उनसे किसी भी कार्य दिवस में मिल सकते हैं। ग्राम प्रधानों को डोंगल एवं सड़कों आदि के निर्माण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण आदि के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सभी ग्राम प्रधान अपनी अपनी पंचायतों में विकास कार्य करा कर ग्रामीणों को लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए बनाए जाने वाले मकानों पर विशेष ध्यान रखें। पात्रों को समुचित लाभ दिलवाने के लिए प्रयासरत रहें।
कार्यक्रम में जिला महासचिव सत्यपाल सिंह, जिला सचिव सुभाष सिंह, तहसील अध्यक्ष अशद चौधरी, जिला प्रभारी बबलू, मीना शर्मा, विनीता, ब्लॉक अध्यक्ष अंकित कुमार, हल्दौर ब्लाक अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, किरतपुर ब्लॉक अध्यक्ष निरंजन कुमार एवं नूरपुर ब्लॉक अध्यक्ष कामेंद्र सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में ब्लॉक के लगभग 85 ग्राम प्रधानों ने भाग लिया।

