
यूपी में फूलन देवी की प्रतिमा लग सकती है तो विकास दुबे और श्रीप्रकाश शुक्ला की प्रतिमा भी लगवाऊंगा, ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष का ऐलान
लखनऊ (एकलव्य बाण समाचार)। यूपी की सियासत में इस समय ब्राह्मण को रिझाने और अपने पाले में लाने की हर संभव कोशिश हो रही है। बहुजन समाज पार्टी के अयोध्या में ब्राह्मण सम्मेलन के बाद सपा ने पूर्वांचल में ब्राह्मण सभा की घोषणा कर नई टीम बना दी है।
भाजपा भी चलाएगी ब्राह्मण ब्रह्मास्त्र- सूत्रों का दावा है कि अब भाजपा सरकार भी अपने मंत्रिमंडल विस्तार में ब्राह्मण ब्रह्मास्त्र चला सकती है। यूपी के सियासी दंगल के बीच अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष राजेंद्र नाथ त्रिपाठी ने एक बयान देकर नई सनसनी मचा दी है। उन्होंने कहा है कि यदि फूलन देवी की प्रतिमा लग सकती है तो ब्राह्मणों के महापुरुष विकास दूबे और श्रीप्रकाश शुक्ला की प्रतिमा भी लगेगी।
डकैतों की मूर्ति लगेंगी, तो महापुरुषों की क्यों नहीं- पिछले दिनों कानपुर के चौबेपुर स्थित ग्राम बरुआ में भगवान परशुराम मंदिर के भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. राजेंद्र नाथ त्रिपाठी पहुंचे थे। उन्होंने मंच से घोषणा की थी, कि ब्राह्मण महासभा यूपी में प्रकाश शुक्ला और विकास दुबे की प्रतिमा स्थापित कराएगी। उन्होंने कहा कि जब फूलन देवी डकैत और ददुआ डकैत की प्रतिमा उनका समाज लगाता है, जो घोषित डकैत थे, तो जो ब्राह्मणों के महापुरुष और वीरता के प्रेरणा स्रोत हैं, उनकी प्रतिमा क्यों नहीं लग सकती है। पूरा ब्राह्मण समाज इसका समर्थन करता है।
विकास दूबे और श्रीप्रकाश शुक्ला के साथ हुआ अन्याय- राजेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि विकास दूबे और श्रीप्रकाश शुक्ला के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर वे गुनाहगार थे, तो उन्हें न्यायालय सजा देता। सरकार कौन होती है, सजा देने वाली? उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को आने वाले विधानसभा चुनाव 2022 में फिर से छला जाएगा। समाज के लोगों को पूछना चाहिए अभी तक वो कहां थे, जब ब्राह्मणों के साथ अन्याय किया जा रहा था।
खुशी दुबे का क्या दोष? राजेंद्र नाथ ने सरकार से सवाल किया कि क्या दोष है खुशी दुबे का? सिर्फ इसलिए कि वह अपराधी की पत्नी है। तीन दिन भी नहीं रही ससुराल में, आज निर्दोष ब्राह्मण की बेटी सलाखों के पीछे से न्याय मांग रही है। उन्होंने कहा कि अब ब्राह्मण समाज को ठगने नहीं दिया जाएगा।