कांग्रेस की युवा विंग में पहली बार महिला नेत्री को शहर की कमान, मुरादाबाद यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं सुहाना फातिमा

मुरादाबाद (एकलव्य बाण समाचार)। कांग्रेस की युवा विंग में पहली बार महिला नेत्री को शहर की कमान सौंपी गई है। मुरादाबाद में युवक कांग्रेस अध्यक्ष सुहाना फातिमा को बनाया गया है। शनिवार को यूपी में 36 शहर अध्यक्षों की घोषणा की गई।
मिशन 2022 को कामयाब बनाने के लिए कांग्रेस जुटी हुई है। मूल संगठन के साथ ही फ्रंटल संगठनों में भी बदलाव किया जा रहा है। कुछ दिन पहले ही जिला व शहर अध्यक्षों में बदलाव किया गया गया। अब युवक कांग्रेस में भी बदलाव को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
अखिल भारतीय यूथ कांग्रेस ने शनिवार को यूपी के 36 शहर अध्यक्षों का परिवर्तन किया। मुरादाबाद में राहुल शर्मा की जगह पहली बार महिला की तैनाती की गई है। नई अध्यक्ष सुहाना युवा अधिवक्ता हैं और जिला न्यायालय में प्रेक्टिशनर है। वरिष्ठ कांग्रेसी सुधीर पाठक का कहना है कि नई अध्यक्ष सुहाना फातिमा मूलत: कांग्रेस परिवार से हैं। उनकी तैनाती पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अमीरुल हसन जाफरी, आनंद मोहन गुप्ता, असद मौलाई ने हर्ष जताया है।