
बिजनौर। स्योहारा में प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा में गोली चलने से हड़कंप मच गया। घटना में कई उपभोक्ता घायल हो गए। पुलिस ने मामले के आरोपी गार्ड को हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार त्योहारों के मद्देनजर बैंकों में भीड़ उमड़ रही है। स्योहारा के स्टेशन मार्ग स्थित प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की शाखा में भी लोग मौजूद थे। बताया गया है कि इसी बीच बैंक के गार्ड नरदेव सिंह की लापरवाही से उसकी बन्दूक से फायर हो गया। गोली के छरें वहां मौजूद उपभोक्ताओं को जा लगे। घटना में हरफूल सिंह (60 वर्ष) पुत्र बाबूराम निवासी डूंगरपुर, श्याम सिंह (45 वर्ष) पुत्र शेर सिंह निवासी मुंडा खेड़ी, वाशु (19 वर्ष) पुत्र ब्रजवीर सिंह निवासी जट नंगला व सुंदर (45 वर्ष) पुत्र अतर सिंह निवासी दौलताबाद व नवीन चौधरी (30 वर्ष) घायल हो गए। सभी को तुरन्त स्थानीय सीएचसी ले जा कर प्राथमिक उपचार कराया गया। वहीं गार्ड नरदेव सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उसने बताया कि हादसा गन को साफ करते हुए भूलवश हुआ।

पुलिस का कहना है कि थाना स्योहारा क्षेत्रान्तर्गत प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक में नरदेव सिंह (66 वर्ष) पुत्र कृपाल सिंह निवासी ग्राम अखेडा थाना नहटौर जनपद बिजनौर बैंक में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। इसके पास स्वयं की 12 बोर की लाइसेंन्सी बन्दूक है। शनिवार को प्रातः करीब 10.00 बजे नरदेव सिंह अपनी लाइसेन्सी बन्दूक की बैरल नीचे करके चैक कर रहा था, तभी अचानक गोली चल गई। फर्श से टकराने के बाद उसके छर्रे वहां खड़े पांच लोगों के घुटने से नीचे लगे हैं। सभी का प्राथमिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।