
लखनऊ। वन अधिकारी रवि कुमार सिंह के नेतृत्व में अवैध कटान व अवैध अभिवहन पर प्रभावी नियंत्रण लगाने को लेकर नियमित रूप से रात्रि गश्त की जा रही है। इसका खासा असर भी देखा जा रहा है। शुक्रवार सुबह तड़के करीब छह बजे दुबग्गा तिराहे के पास पिकअप वाहन संख्या-यूपी-30-टी-8433 को वन सुरक्षा बल की टीम द्वारा रोककर चेक किया गया। इस दौरान देखा गया कि प्रतिबन्धित प्रजाति आम प्रकाष्ठ की अवैध तस्करी की जा रही थी। इसके बाद वन सुरक्षा बल की टीम ने उक्त वाहन को विभागीय अभिरक्षा में लेते हुए ग्राम बहेलिया, थाना मलिहाबाद निवासी अभियुक्त सोनू और ग्राम जेठईपारा, थाना महिलाबाद निवासी रामचन्दर के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करते हुए सीजर रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल कर दी। इस पूरी कार्यवाही में वन सुरक्षा बल टीम प्रभारी सतीश चन्द्र वर्मा, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी, अमित सिंह, वन दरोगा, राजकुमार, वन रक्षक व मुकद्दर अली, वन रक्षक शामिल रहे।
इसके साथ ही सुबह 9 बजे के करीब एस0के0 शर्मा, क्षेत्रीय वन अधिकारी, लखनऊ व रेंज वन कर्मियों द्वारा औचक छापामार कार्यवाही करते हुए ग्राम कठिंघरा व खालिसपुर में आम वृक्षों के प्रकरण में ग्राम कठिंघरा में मेराज व भद्रपाल को पकड़ा गया और उन दोनों पर वैधानिक कार्यवाही की गई।
इसके अलावा ग्राम खालिसपुर में राजेन्द्र मौर्या के बाग में भी छापेमारी करते हुए कार्यवाही की गयी। इस दौरान 2 आम वृक्षों का अवैध कटान करते हुए पकड़ा गया। इस अवैध कटान में भी क्षेत्रीय वन अधिकारी, लखनऊ द्वारा वैधानिक कार्यवाही करते हुए रेंज केस इजरा किया गया। उक्त कार्यवाही में क्षेत्रीय वन अधिकारी, लखनऊ एस0के0शर्मा एवं श्री अमित सिंह, वन दरोगा तथा श्री दीपक कनौजिया, वन रक्षक व श्री मंगतू प्रसाद,वन रक्षक लखनऊ रेंज सम्मिलित रहे।