
चंडीगढ़ (एजेंसी)। हरियाणा में सभी सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों को स्मार्ट वॉच पहनना जरूरी होगा, जिससे ड्यूटी के दौरान उनकी लोकेशन को ट्रैक किया जा सके। इसके अलावा वह इस वॉच से ही अपनी हाजिरी लगाएंगे।
इससे पहले सरकारी कर्मचारियों के ड्यूटी टाइम और आवाजाही की निगरानी के लिए पहले बायोमेट्रिक मशीनें लगाई गई थीं, लेकिन कोरोना काल में बीमारी के संक्रमण के डर से इसे बंद कर दिया गया। अब स्मार्ट वॉच को दूसरे विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

हरियाणा के सोहना के सर्माथला गांव में एक विकास रैली को संबोधित करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उक्त जानकारी दी। साथ ही उन्होंने विकास घोषणाओं का पिटारा भी खोल दिया। उन्होंने लगभग 50 विकास योजनाओं की मंजूरी दे दी। इन सभी योजनाओं के ऊपर 125 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सोहना में किसी भी लेवल पर विकास की कमी नहीं दिखाई देगी।
गौरतलब है कि इसी महीने सरकारी कर्मचारियों के लिए ही एक ऐलान में खट्टर सरकार ने 1967 और 1980 के दो आदेश वापस ले लिए थे। इन आदेशों में कर्मचारियों को आरएसएस (RSS) की गतिविधियों में भाग लेने पर रोक लगाई गई थी। हालांकि खट्टर के इस फैसले पर कांग्रेस भड़क गई थी। इसको लेकर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने एक ट्वीट किया था और इसमें लिखा था- ‘अब हरियाणा के कर्मचारीयों को “संघ” की शाखाओं में भाग लेने की छूट। सरकार चला रहे हैं या भाजपा- आरएसएस की पाठशाला!’