
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के विधानसभा मलिहाबाद से संभावित प्रत्याशी व प्रदेश सचिव व्यापार सभा सोनू कनौजिया ने प्रेस वार्ता आयोजित कर पत्रकारों को सम्मानित किया।

ग्राम सहिलामऊ गंगा केवल ढाबा पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव व्यापार सभा सोनू कनौजिया द्वारा प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। उन्होंने भाजपा पर हमलावर होते हुए जमकर निशाना साधा। प्रदेश सचिव ने बताया कि भाजपा के लिये दोबारा सरकार में आने के सभी रास्ते बंद हो चुके हैं। किसान नौजवान, व्यापारी, गरीब सभी भाजपा सरकार से परेशान हैं। भाजपा से मुक्ति पाने के लिये आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता वोट के ज़रिए उन्हें बाहर का रास्ता दिखायेगी। रसोई गैस के दाम दिन प्रतिदिन महंगे होने के कारण महिलाओं ने चूल्हे पर खाना बनाना शुरू कर दिया है। बिजली दरों में सरकार लगातार बढ़ोत्तरी करती जा रही है। योगी सरकार के अपराध नियंत्रण की पोल खुल गईं है। अपराधी दिनदहाड़े घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। बिना किसी डर के अपराध व अपराधियों की संख्या चरम सीमा पर पहुँच गई है। सोनू कनौजिया ने भाजपा पर तीख़े वार करते हुए कहा कि चुनाव सिर पर आता देख भाजपा बौखला गई है। सपा सरकार के कार्यों का उद्घाटन करने में जुट गई है, जबकि हक़ीक़त यह है कि भाजपा ने सिर्फ़ विकास के नाम पर लोगों को बांटने का काम किया है। समाजवादी पार्टी के कार्यों को अपना बताने के अलावा भाजपा के पास कुछ नहीं बचा है। आगामी विधानसभा के चुनाव में भाजपा के झूठे वादों और लुभावने भाषण से अब जनता प्रभावित होने वाली नहीं है।

उन्होंने प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों का माला पहनाकर सम्मानित किया। प्रदेश सचिव ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना है। यही एक माध्यम है, जिनके द्वारा सच्चाई सामने आ जाती है। इस मौके पर कई दर्जन पत्रकार शमिल हुए।
