
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती की मां का निधन हो गया। उन्होंने शनिवार (13 नवंबर) को दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि 14 नवंबर को दिल्ली में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह जानकारी बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने दी।

कई दिन से चल रही थीं बीमार
जानकारी के मुताबिक, मायावती की मां रामरती काफी दिन से बीमार चल रही थीं। इसके चलते उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया।
सतीश चंद्र मिश्र ने जारी किया शोक संदेश
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव ने इस संबंध में शोक संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा, ‘अति-दुःख के साथ यह सूचित किया जाता है कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद व यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की मां रामरती का लगभग 92 वर्ष की उम्र में आज हॉस्पिटल में हृदय गति रुकने से स्वर्गवास हो गया। कुदरत सभी को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे। उनका अंतिम संस्कार मायावती के दिल्ली पहुंचने व परिवार के एकत्र होने पर 14 नवंबर को किया जाएगा।’
सीएम योगी व सपा मुखिया ने जताया दुःख
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बसपा मुखिया मायावती की माता के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि उ.प्र. की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती जी की पूज्य माताजी श्रीमती रामरती जी का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी दुख जताते हुए लिखा कि बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती जी की माता रामरती जी का देहावसान, अत्यंत दुखद। दिवंगत आत्मा को ईश्वर अपने श्री चरणों में स्थान दे. शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना।