
फहीम अख्तर (बिजनौर)
मिस यूनिवर्स 2021 का खिताब चंडीगढ़ के सिख परिवार में जन्मी हरनाज संधू को मिला है। हरनाज संधू इससे पहले भी कई ब्यूटी पेजेंट में हिस्सा ले चुकी हैं। फिटनेस और योग की शौकीन हरनाज ने छोटी उम्र से ही ब्यूटी कॉम्पिटीशन में भाग लेना शुरू कर दिया था। उन्होंने साल 2017 में मिस चंडीगढ़ का खिताब भी जीता था। इसके एक साल बाद हरनाज को मिस मैक्स इमर्जिंग स्टार इंडिया 2018 का ताज भी मिल चुका है। इन दो प्रतिष्ठित खिताब को अपने नाम करने के बाद हरनाज ने मिस इंडिया 2019 में हिस्सा लिया, जिसमें वह टॉप 12 तक जगह बनाने में कामयाब रही थीं। साल 2018 में हरनाज ने मिस इंडिया पंजाब का खिताब हासिल करने के बाद द लैंडर्स म्यूजिक वीडियो तेराताली (Tarthalli) में भी काम किया। इसके बाद इसी साल उन्होंने सितंबर में मिस डीवा यूनिवर्स इंडिया 2021 का खिताब अपने नाम किया।

हरनाज को यह ताज खुद अभिनेत्री कृति सेनन ने पहनाया था। मिस यूनिवर्स 2021 का हिस्सा बनने से पहले ही हरनाज फिल्मों में अपनी जगह पक्का कर चुकी हैं। वह अगले साल रिलीज होने वाली दो पंजाबी फिल्में ‘Bai Ji Kuttange’ और ‘Yaara Diyan Poo Baran’ में नजर आएंगी। अपनी फिटनेस से बेहद प्यार करने वालीं हरनाज प्रकृति से भी बेशुमार प्यार करती हैं। ग्लोबल वार्मिंग और प्रकृति संरक्षण को लेकर उनके विचार ने ही मिस डीवा पेजेंट में जज पैनल को प्रभावित किया था।

उनका मानना है कि पृथ्वी को बचाने के लिए हमारे पास अभी भी समय है, इसलिए जितना हो सके प्रकृति का संरक्षण किया जाए।
मिस यूनिवर्स 2021 के दौरान हरनाज ने स्विमसूट से लेकर नेशनल कॉस्ट्यूम सेशन तक में अपनी खूबसूरती से भी को प्रभावित किया। उन्होंने नेशनल कॉस्ट्यूम सेशन में पिंक कलर का लहंगा पहना था। इसके साथ ही वह हाथों में मैचिंग छतरी लिए भी नजर आईं। उनका यह पारंपरिक आउटफिट भारतीय महारानी के शाही लुक को दर्शा रहा था।
भारत दो बार मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता जीत चुका है। इससे पहले साल 1994 में सुष्मिता सेन और 2000 में लारा दत्ता ने यह ताज अपने नाम किया था। ऐसे में अब हरनाज ने भारत को तीसरी बार मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता जीता के भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है।