साहनपुर सल्तनत में सेंध लगा कर भाजपा को सपा रालोद गठबंधन ने दिया तगड़ा झटका। भाजपा प्रत्याशी राजा भारतेन्द्र के भाई भतीजे की सपा प्रत्याशी हाजी तसलीम अहमद का चुनाव तन मन धन से लड़ाने की घोषणा।
बिजनौर। नजीबाबाद विधान सभा क्षेत्र का चुनावी माहौल बेहद दिलचस्प हो गया है। सपा-रालोद गठबंधन ने साहनपुर सल्तनत में सेंध लगा कर भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका धीरे से दिया है। दरअसल भाजपा प्रत्याशी राजा भारतेन्द्र के भाई भतीजे द्वारा सपा प्रत्याशी हाजी तसलीम अहमद का चुनाव तन मन धन से लड़ाने की घोषणा की गई है।

नजीबाबाद विधान सभा से भाजपा प्रत्याशी राजा भारतेन्द्र के भाई के सपा प्रत्याशी हाजी तसलीम अहमद का चुनाव तन मन धन से लड़ाने की घोषणा से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। भाजपा प्रत्याशी भारतेन्द्र के भाई द्वारा हाजी तसलीम अहमद के स्वागत की खबर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। साहनपुर रियासत के कुंवर रविराज; भाजपा प्रत्याशी राजा भारतेन्द्र के भाई हैं। उनके पुत्र धुवराज सिंह ने सपा प्रत्याशी विधायक हाजी तसलीम अहमद को समर्थन देने के साथ ही पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ाने की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रत्याशी के चचेरे भाई के द्वारा लिये गये इस निर्णय से राजनीति के गलियारों में हड़कंप मच गया है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि कुंवर घराने में सेंधमारी करना कोई मामूली बात नहीं है। कुंवर ध्रुवराज का साथ मिलने से सपा प्रत्याशी हाजी तसलीम अहमद को इसका लाभ जरूर मिलेगा।
लोकदल का सिपाही हूं- कुंवर ध्रुवराज ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि वह लोकदल के सिपाही हैं; लोकदल का सपा से गठबंधन है। इसलिए उन्होंने सपा प्रत्याशी हाजी तसलीम अहमद को चुनाव लड़ाने की घोषणा की है। वह पूरी ताकत के साथ सपा प्रत्याशी को चुनाव लड़ा रहे हैं।
