
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी ने गाजीपुर जिले की जहूराबाद सीट से सपा की बागी शादाब फातिमा को उम्मीदवार व प्रभारी विधानसभा घोषित किया है।

यह जानकारी बसपा के गाजीपुर जिले के अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने ट्विट कर दी है। उन्होंने लिखा है कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती से शादाब फातिमा ने शुक्रवार को मुलाकात की। पूर्व मंत्री शादाब फातिमा ने समाजवादी पार्टी छोड़कर बसपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। मायावती ने उन्हें जहूराबाद विधानसभा से प्रभारी- उम्मीदवार बनाया है।
अखिलेश सरकार में मंत्री रहीं शादाब फातिमा ने वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में जहूराबाद सीट पर ही ओम प्रकाश राजभर को हराया था। शिवपाल सिंह यादव की करीबी मानी जाने वाली शादाब फातिमा ने अखिलेश और शिवपाल के बीच हुए विवाद में शिवपाल का साथ दिया था। मगर इस बार अखिलेश ने शिवपाल के अलावा उनके किसी अन्य सहयोगी को टिकट नहीं दिया। इस वजह से पहले शादाब फातिमा के निर्दलीय चुनाव लड़ने की चर्चा चल रही थी। मगर9 बसपा ने उन्हें जहूराबाद सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया।