
कालागढ़ में सनसनीखेज घटना। जंगली हाथी ने हमला कर राजगीर को उतारा मौत के घाट।
बिजनौर। कालागढ़ में जंगली हाथी ने हमला कर राजगीर को मौत के घाट उतार दिया। घटना के समय वह बाजार से घर वापस लौट रहा था। परिजनों ने वन विभाग के अधिकारियों से अधिक से अधिक मुआवजा और एक सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की है।
मानव एवं वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। वन्य जीवों के हमले में पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी हैं। एक और मामला कालागढ़ से सामने आया है। यहां बाजार से वापस घर जाते समय एक व्यक्ति पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कालागढ़ कालोनी निवासी सुरेश कुमार राजगीर का कार्य करता है। वह बाजार से घर वापस जा रहा था। रास्ते मे शिव मंदिर के पास झाड़ियों से हाथी निकला और सुरेश पर हमला कर दिया। मौके से गुजर रहे लोगों द्वारा हल्ला मचाने पर हाथी वहां से जंगल की ओर भाग गया। गंभीर रूप से घायल सुरेश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। सुरेश की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
वहीं परिजनों ने वन विभाग के अधिकारियों से अधिक से अधिक मुआवजा और एक सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की है। कालागढ़ थाना इंचार्ज उमेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति की हाथी के हमले से मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है; अन्य जांच पड़ताल कराई जा रही है।

