CM योगी के ऑफिस का Twitter Account हैक, प्रोफाइल फोटो भी बदला; हजारों लोगों को किए गए कई Tweets

लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट शुक्रवार देर रात हैक कर लिया गया, हालांकि उसे थोड़ी ही देर बाद रिकवर कर ठीक कर लिया गया। हैक करने के बाद हैकर्स ने अकाउंट से हजारों लोगों को कई ट्वीट किए।

उत्तर प्रदेश सरकार के आधिकारिक ट्विटर हैंडिल से शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया गया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने मुख्यमंत्री कार्यालय का ट्विटर अकाउंट कल देर रात हैक कर लिया था। हैकर्स ने इस अकाउंट से कुछ ट्वीट भी पोस्ट किये। हैक किये गये अकाउंट को साइबर विशेषज्ञों की मदद से तुरंत रिकवर कर लिया गया।