
त्योहारों को धार्मिक परंपरा व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाए: उमेश मिश्रा
शांति एवं कानून व्यवस्था में खलल डालने वालों के विरुद्ध की जाएगी कठोर कार्यवाही
बिजनौर। मोहर्रम के पर्व पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।। जिलाधिकारी ने बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाए। उन्होंने समस्त तहसीलों के उप जिलाधिकारियों व थानाध्यक्षों से जनपद के विभिन्न स्थानों पर निकाले जाने वाले मोहर्रम जुलूस के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि त्योहारों पर कोई भी ऐसा कार्य नहीं किया जाए जिससे अन्य किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे साथ ही त्योहारों को धार्मिक परंपरा और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाए। जिलाधिकारी ने आह्वान किया कि सभी लोग साम्प्रदायिक सौहार्द को बनाये रखते हुए अपने-अपने रीति-रिवाज के साथ कानून के दायरे में रहकर त्योहारों को अच्छे से मनाएं। जनपद बिजनौर हमेशा से आपसी भाईचारे की मिसाल रहा है। सभी धर्म शांति का संदेश देते हैं। अगर कहीं पर कोई समस्या या विवाद है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। जल्द से जल्द उस समस्या का उचित निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य न करें जिससे कि एक दूसरे की धार्मिक भावनाएं आहत हों। ताजिया निर्धारित मार्गों पर से ही निकाले तथा अनावश्यक रूप से कोई नई परंपरा न डालें। उन्होंने कहा कि जनपद की शांति एवं कानून व्यवस्था में खलल डालने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन के द्वारा जो आदेश मिले हैं उनका पालन करें। कानून व्यवस्था को बनाए रखने की हम सभी की जिम्मेदारी है, इसे बखूबी निभाएं। उन्होंने जनसामान्य से अपिल करते हुए कहा कि आपसी भाईचारे से शांतिपूर्वक सहयोग करते हुये त्यौहार मनाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया की सौंपे गये दायित्वों को अच्छे से पूरा करें।
पालिका पंचायत अधिकारियों को निर्देश-
जिलाधिकारी ने मोहर्रम की तैयारियों को लेकर एवं नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलूस मांगों को गड्ढा मुक्त बनाने के साथ ही साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों का सर्वे कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं पर भी विद्युत की तार नीचे न लटकी हो। त्योहार पर रात्रि के समय विद्युत आपूर्ति बनाए रखी जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि हम आजादी का 75 वर्ष पूरे होने का अमृत महोत्सव मना रहे हैं।
जुलूस में प्रतिबंधित अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं- पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने कहा कि जनपद बिजनौर के लोग बहुत जिम्मेदार है जैसे यहां के लोगों ने पूर्व में सभी त्योहार साम्प्रदायिक सौहार्द व भाईचारे के साथ मनाए हैं, वैसे ही आगामी त्योहार भी शांति व भाईचारे के साथ मनाएंगे। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के जुलूस में प्रतिबंधित अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन विनय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 अरविन्द कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर डा0 प्रवीण रंजन, अपर पुलिस अधीक्षक राम अर्ज, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 विजय कुमार गोयल, परियोजना निदेशक डीआरडीए ज्ञानेश्वर तिवारी, समस्त उप जिलाधिकारी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।