बिजनौर (भूपेन्द्र निरंकारी)। वृक्ष हमारे लिए ईश्वरीय वरदान हैं, वह हमें छाया, फल व ऑक्सीजन देते हैं। पेड़ों से हमें छाल प्राप्त होती है, जिसे हम औषधि के रूप में प्रयोग करते हैं। पेडों के अत्यधिक कटान से हमें अनेक दुष्परिणाम भी देखने को मिलते हैं, जिस अनुपात में मानव अपने उपयोग के लिए पेड़ काट रहा है, उस अनुपात में वृक्षारोपण नहीं किया जा रहा है, जो कि बहुत ही चिंतनीय है। यह विचार हैं वर्धमान कॉलेज की पूर्व प्राचार्या एवं समाजसेवी डॉ. मीना बख्शी के।

एक विशेष भेंटवार्ता में उन्होंने कहा कि हमें अधिक से अधिक मात्रा में वृक्षारोपण करना चाहिए और उनके संरक्षण पर भी ध्यान देना चाहिए। हमें अपने घर या किसी खाली स्थान पर वृक्षारोपण करने चाहिए और समय-समय पर उनका ध्यान रखना चाहिए। मीना बख्शी ने बताया कि भविष्य में वह हमें बहुत कुछ देंगे। आप देख सकते हैं कि अबकी बार वर्षा बहुत ही कम हो रही है। इसी तरह अगर पेड़ों का तेरी कटान होता रहा तो ऑक्सीजन का स्तर बहुत ही गिर जाएगा, फिर हमारे लिए सांस लेना भी मुश्किल हो जाएगा। वृक्षों से हमें विशुद्ध ऑक्सीजन तो मिलती है, हमें ऑक्सीजन से जल भी प्राप्त होता है, जिस जगह से पेड़ कट जाते हैं, उस क्षेत्र की जलवायु पर प्रभाव पड़ता है। ऐसा ही पर्वतीय इलाकों में पहाड़ों में व मैदानी क्षेत्र पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ता है। इसीलिए हमें वृक्षों का संरक्षण करना चाहिए। नियमित रूप से उनकी देखभाल करनी चाहिए क्योंकि वृक्षों कटान से वातावरण पर भी बहुत गहरा प्रभाव पड़ता है। इससे वातावरण प्रभावित होता है, जो कि ठीक नहीं है। अगर पेड़ सुरक्षित रहेंगे तो हम सुरक्षित रहेंगे। जैसे जल ही जीवन है, वैसे ही पेड़ भी जीवन है। इसलिए हमें अधिक से अधिक मात्रा में वृक्षारोपण करना चाहिए और सभी को इस बारे में जागरूक होना चाहिए। हमे औरों को भी जागरूक करना चाहिए, तभी हमारा मानव जीवन सफल होगा। नि:संदेह केंद्र व प्रदेश सरकार वृक्षारोपण पर विशेष ध्यान दे रही है। वृक्षारोपण पर जोर दिया जा रहा है। सरकार द्वारा समय-समय पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है इसमें विद्यालयों, स्कूलों उनके अध्यापकों व छात्रों का भी विशेष योगदान है। जैसे सरकार वृक्षारोपण पर विशेष ध्यान दे रही है, उसी प्रकार सरकार को इस तरफ भी विशेष ध्यान देना चाहिए कि जहां पर एक्सप्रेस वे बनते हैं, वहां पर किनारे पर स्थित पेड़ों को तो काट दिया जाता है लेकिन एक्सप्रेस वे के किनारे पर वृक्षारोपण पर ध्यान नहीं दिया जाता है। इसलिए सरकार को जहां पर भी है एक्सप्रेस वे बने, वहां पर जल्द से जल्द सड़क के दोनों किनारों पर अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जागरूक लोगों का भी इसमें सहयोग लेना चाहिए तभी हम सभी सफल होंगे व सरकारी योजनाएं भी सफल होंगी।