मेरठ/बिजनौर। चांदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जलीलपुर में बैंक मैनेजर संदीप के हस्तिनापुर स्थित घर में उनकी गर्भवती पत्नी शिखा और पांच साल के पुत्र रुपांश की हत्या के मामले में एक महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगा है। मृतका शिखा के मोबाइल पर रात 11 बज कर 02 मिनट पर किसी केएस के नाम से एक मैसेज आया। मैसेज में लिखा था कि तुम नहीं मिलोगी न? इसके अलावा दो मैसेज और थे। एसपी देहात का कहना है कि इस नंबर की सीडीआर निकाल कर पता लगाया जाएगा कि “केएस” कौन है ? और उसका इन घटना से क्या संबंध है? यह भी पता चलेगा कि इस नंबर का महिला से क्या नाता था।

छह साल पहले हुई थी शादी- मैनेजर संदीप कुमार की सुबह 9:30 बजे शिखा से फोन पर बात हुई थी। वह सुबह 8:00 बजे घर से चले थे। बैंक में पहुंचने के बाद ही बात हुई। उसके बाद कोई बात नहीं हुई। छह साल पहले उनकी शादी हुई थी। शाम 4:00 बजे संदीप की मां घर पर गई थी, उस समय भी ताला लगा हुआ था। पड़ोसी ने बताया कि दोपहर बाद शिखा को घर के बाहर देखा था। हत्या की जानकारी लगने पर शिखा के मायके वाले भी हस्तिनापुर पहुंच गए।

परिवार की महिलाओं का हाल बुरा- शिखा के पेट में पल रहा गर्भ दुनिया देखने से पहले ही मां के साथ दुनिया से विदा हो गया। यह देख सुनकर परिवार की महिलाओं का रो रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं पति संदीप। भी बदहवास हालत में था। उसे उम्मीद नहीं थी कि उसका पूरा परिवार ही खत्म हो जाएगा। उसकी आंख के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे।

कई एंगिल पर हो रही है जांच- शिखा के दोनों मोबाइल घर में टेबल पर रखे थे, जबकि स्कूटी गायब थी। परिजनों का कहना है कि शिखा गर्भवती थी और वह घर से बाहर नहीं जाती थी। किसी करीबी पर ही डकैती व हत्या करने का शक जताया जा रहा है। पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की है। यह भी बताया गया कि घर में बाहर के लोगों की आवाजाही बहुत कम थी। सिर्फ परिचित ही आते थे। इस कारण अंदेशा लगाया जा रहा है कि शिखा से दरवाजा खुलवाया गया।