
बिजनौर। पर्यावरण की रक्षा के लिए जन सहयोग बेहद जरूरी है। बिना जन आंदोलन के यह कार्य बेहद मुश्किल है। यह बात डीएफओ डा. अनिल कुमार पटेल ने सोमवार सुबह शहर के नूरपुर मार्ग स्थित चक्कर रोड चौराहे पर वृक्षारोपण करते हुए कही।
व्यापारी सुरक्षा फोरम एवं डिसेंट पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की स्मृति में शिक्षक दिवस पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि श्री पटेल ने कहा कि वर्तमान में तापमान काफी बढ़ रहा है। अगर यही स्थिति रही, तो भविष्य में इसके भयंकर परिणाम होंगे। आने वाली पीढ़ी को शुद्ध हवा व ऑक्सीजन देने के लिए प्रत्येक नागरिक को समय-समय पर वृक्षारोपण करना चाहिए। इसके लिए हमें निरंतर प्रयास करने होंगे, क्योंकि एक पौधे को वृक्ष बनने में सात से आठ वर्ष लगते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अवनीश गौड़ ने कहा कि वृक्ष न केवल मनुष्य जाति के लिए बल्कि जीव-जंतुओं एवं प्राकृतिक संतुलन के लिहाज से अति आवश्यक हैं। बिना प्राकृति के धरती पर जीवन संभव ही नहीं है। अगर सरल शब्दों में कहा जाए तो सम्पूर्ण धरती को जीवित रखने के लिए पर्यावरण संरक्षण जरूरी है। किन्तु आज इंसान आधुनिकता की दौड़ में प्राकृतिक संसाधनों का बेहिसाब दोहन कर रहा है। बड़ी-बड़ी इमारतें बनाने के लिए वृक्षों का कटान किया जा रहा है जिसके परिणाम हाल ही के दिनों में हमें देखने को मिले हैं। बिना बारिश के पूरी बरसात निकल गई। तापमान 40 डिग्री से बढ़कर 45 डिग्री तक पहुंच गया है। अगर आने वाले दिनों में यह हाल रहा, तो इसे 50 डिग्री होने में ज्यादा देर नहीं लेगी। व्यापारी सुरक्षा फोरम के जिलाध्यक्ष राजकुमार गोयल ने कहा कि हमारे द्वारा लगाए गए पौधे कल वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ी को जीवन दान देंगे। डिसेंट पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या मेघना शर्मा ने कहा कि हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह प्राकृतिक संतुलन एवं नई पीढ़ी को शुद्धि ऑक्सीन देने के लिए वृक्ष अवश्य लगाए।
इस मौके पर जिला मंत्री राहुल वर्मा, जिला संगठन मंत्री प्रदीप कुमार अग्रवाल, नगर अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, नगर मंत्री खगेश शर्मा, इकाई अध्यक्ष बह्मपाल सिंह, इकाई मंत्री सुनील अग्निहोत्री, इकाई उपाध्यक्ष वासुदेव, इकाई उपाध्यक्ष संजू शर्मा, राहुल राणा राजपूत, प्रशांत चौधरी आदि उपस्थित रहे।