लखनऊ में भाजपा नेता मनीष ऐरन लोक निर्माण मंत्री से मिले
-शुकतीर्थ में नीलकंठ महादेव मंदिर की सड़क का निर्माण कराने की मांग की
– लोक निर्माण मंत्री ने सड़क बनवाने का आश्वासन दिया

जानसठ (मुजफ्फरनगर)। भाजपा के जिला कार्यालय प्रभारी अपने कुछ भाजपाई साथियों के साथ लखनऊ में प्रदेश के लोक निर्माण राज्यमंत्री कुंवर बृजेश कुमार सिंह से मिले। प्रदेश मंत्री से मिलकर भाजपा नेता मनीष ऐरन ने शुकतीर्थ में प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर की सड़क निर्माण के लिए अपना पत्र देकर मांग रखी। इस पर प्रदेश के मंत्री ने उनको शीघ्र ही निर्माण कार्य कराने का आश्वासन दिया।
जानसठ क्षेत्र के गांव तालड़ा निवासी लाला मनीष ऐरन जिला मुख्यालय के भाजपा कार्यालय के प्रभारी हैं। वे लखनऊ में गुरुवार को लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश कुमार सिंह से मिले। उन्होंने मंत्री को बताया कि जानसठ तहसील क्षेत्र में एकमात्र शुकतीर्थ स्थल है। जहां पर देश और प्रदेश के श्रद्धालु पूजा पाठ करने के लिए आते हैं, लेकिन प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर तक जाने वाली सड़क पूरी तरह से जर्जर है। अभी तक उसका निर्माण कार्य नहीं हुआ है। भाजपा नेता ने मंत्री से इस सड़क का निर्माण कराने की मांग की। इस पर मंत्री ने कहा कि शीघ्र ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस दौरान उनके साथ भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉक्टर सुधीर सैनी सहित कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।