27 जिलों के निगम, पालिका और पंचायत में वार्डवार आरक्षण सूची जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के आरक्षण के बाकी बचे 27 जिलों के नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत में वार्डवार आरक्षण की सूची जारी कर दी गई है। इससे पहले गुरुवार को 48 जिलों के आरक्षण की सूची जारी की गई थी।
75 जिलों में बढ़े 1985 वार्ड~
प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने गुरुवार को 48 और शुक्रवार को 27 जिलों में स्थित वार्डों के आरक्षण की अनंतिम अधिसूचना जारी की। वर्ष 2017 में 652 निकाय के 11995 वार्डों में चुनाव हुआ था। इस बार 762 निकाय के 13980 वार्डों में चुनाव होना है। पिछली बार की अपेक्षा इस बार 1985 अधिक वार्डों पर चुनाव होना है। नगर पालिका परिषद अधिनियम 1916 और नगर निगम अधिनियम 1959 में दी गई व्यवस्था के आधार पर वार्डों का आरक्षण किया है।
अध्यक्षों का आरक्षण~
नगर विकास मंत्री एके शर्मा शनिवार को पालिका परिषद और नगर पंचायत के अध्यक्षों के आरक्षण की अधिसूचना जारी करेंगे। नगर विकास विभाग ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। पालिका परिषद में 200 और नगर पंचायत में 562 अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होना है। सीटों का आरक्षण चक्रानुक्रम के आधार किया गया है। इससे साफ है कि अधिकतर सीटों पर बड़ा उलटफेर हुआ है।
इन जिलों में जारी हुई वार्ड आरक्षण की सूची
शुक्रवार को शामली, अम्बेडकरनगर, आगरा, आजमगढ़, इटावा, कन्नौज, कानपुर, गोरखपुर, झांसी, प्रयागराज, फतेहपुर, फर्रूखाबाद, बलिया, बिजनौर, बुलंदशहर, मऊ, मथुरा, मिर्जापुर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, मेरठ, मैनपुरी, रामपुर, ललितपुर, सहारनपुर, सीतापुर तथा हरदोई शामिल हैं। आरक्षण को लेकर सात दिनों में आपत्तियां मांगी गई हैं, हालांकि इसमें ज्यादा बदलाव की संभावना कम ही है। इससे पहले गुरुवार को 48 जिलों के वार्ड वार आरक्षण की सूची जारी की गई थी।