डॉ रामाशीष सिंह पुण्यतिथि पर अटेवा करेगा 7 दिसंबर को कैंडल मार्च
पुरानी पेंशन बहाली तक जारी रहेगा संवाद एवं संघर्ष: चंद्रहास सिंह

बिजनौर। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ जनपद शाखा बिजनौर की बैठक जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पाल की अध्यक्षता एवं जिला महामंत्री पंकज कटारिया के संचालन में हुई। बैठक का आयोजन अटेवा पेंशन बचाओ मंच के प्रांतीय आह्वान पर डॉ रामाशीष सिंह की पुण्यतिथि पर पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में कैंडल मार्च की सफलता को लेकर किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए अटेवा प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रहास सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन शिक्षकों एवं कर्मचारियों का संवैधानिक अधिकार है जिसके लिए शिक्षक कर्मचारी संघर्षरत है। पुरानी पेंशन बहाली के संघर्ष में 7 दिसंबर 2016 को डॉक्टर रामाशीष की शहादत हुई। यह शहादत बेकार नहीं जाएगी। पुरानी पेंशन बहाली तक संघर्ष जारी रहेगा। डॉ रामाशीष सिंह की शहादत की बदौलत पुरानी पेंशन बहाली का संघर्ष देश के प्रत्येक राज्य में व्यापक रूप से चल रहा है। प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के प्रांतीय संगठन मंत्री अश्वनी कुमार ने कहा अटेवा पुरानी पेंशन बहाली के संघर्ष को सफलता के आयाम तक ले जाने का काम कर रहा है। उनके संघर्ष की बदौलत चार राज्यों में पुरानी पेंशन बहाल हुई है। जिला अध्यक्ष जय प्रकाश पाल ने कहा कि अटेवा के संघर्ष में पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के प्रत्येक कर्मचारी की सहभागिता रही है जो निरंतर जारी रहेगी। आगामी 7 दिसंबर के कैंडल मार्च में जनपद का प्रत्येक कर्मचारी प्रतिभाग करेगा। जिला महामंत्री पंकज कटारिया ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की आवाज अटेवा ने बुलंद की। इस संघर्ष में हम पूरी तरह अटेवा के साथ हैं। पुरानी पेंशन बहाली तक संवाद एवं संघर्ष जारी रहेगा। जिला कोषाध्यक्ष नरेश कुमार, संदीप कुमार, राजवंश, नंदराम, अंशुल कुमार, मंजुल कुमार, सत्यपाल सिंह, चतर सिंह, उदयराज सिंह, मोहम्मद सलमान, संजय कुमार, शंभू नाथ आदि ने विचार व्यक्त किए।