प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का 100 वर्ष की आयु में निधन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती ने भी ट्वीट कर दु:ख जताया


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का निधन शुक्रवार तड़के अहमदाबाद के अस्पताल में हो गया। उनकी उम्र 100 साल थी। तबीयत बिगड़ने पर बुधवार को उन्हें अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गांधीनगर के शमशान घाट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मां हीराबेन मोदी का अंतिम संस्कार किया। पीएम मोदी ने अपने भाई के साथ मिलकर उन्हें मुखाग्नि दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी हीराबेन के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती ने भी ट्वीट कर दु:ख जताया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा कि एक पुत्र के लिए मां पूरी दुनिया होती है। मां का निधन पुत्र के लिए असहनीय और अपूरणीय क्षति होती है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की पूज्य माता जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। ॐ शांति!
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की पूज्य माता श्रीमती हीराबेन जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना करता हूं कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोक की इस घड़ी में प्रधानमंत्री जी, परिजनों, शुभचिंतकों व समर्थकों को संबल प्रदान करें।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ट्वीट कर कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पूज्य माता जी के अत्यंत दुःखद निधन से स्तब्ध व दुखी हूं। प्रभु श्री राम जी से प्रार्थना है कि गोलोकवासी पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।
वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की माताजी आदरणीय श्रीमती हीराबेन मोदी जी का निधन, अत्यंत दुःखद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं। भावभीनी श्रद्धांजलि।


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद मोदी जी की माताजी, श्रीमती हीरा बा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस मुश्किल समय में, मैं उन्हें और उनके परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं और प्यार व्यक्त करता हूं।

परिवार ने दिया संदेश
पीएम मोदी के परिवार ने मां हीराबा के निधन पर एक संदेश जारी कर कहा कि हम इस कठिन समय में उनके लिए की गई प्रार्थनाओं के लिए सभी का धन्यवाद करते हैं। सभी से हमारा विनम्र अनुरोध है कि दिवंगत आत्मा को अपने विचारों में रखें और अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम और प्रतिबद्धताओं को जारी रखें। हीराबा को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।