newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

Agra: यमुना एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से टकरा कर कार में आग, जिंदा जलकर पांच की मौत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर कार की कंटेनर से टक्कर हो गई। कार में सवार सभी 5 लोगों की जिंदा जल कर मौत हो गई। कार लखनऊ की थी, जिसका नंबर UP 32 KW 6788 था। ये सभी लोग यूपी से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। नागालैंड नंबर के कंटेनर में भी टक्कर के बाद आग लग गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों की अभी पहचान नहीं हुई है।

हादसा थाना खंदौली क्षेत्र में आज तड़के तकरीबन 4.30 बजे हुआ। आगरा से नोएडा की ओर जा रही कार आगे जा रहे कंटेनर के डीजल टैंक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला। कार में सवार पांच लोग जिंदा जल गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंच गई। किसी तरह आग बुझाई गई। तब तक कार में सभी सवार लोगाें की मौत हो चुकी थी। बताया गया है कि कंटेनर चालक ने कंटेनर को अचानक मोड़ दिया। पीछे से आ रही कार तेज रफ्तार में थी। इससे कार अनियंत्रित होकर कंटेनर के डीजल टैंक से जा टकराई।
हादसे के बाद कार सेंट्रल लॉक हो जाने के कारण उसमें सवार लोग दरवाजा नहीं खोल सके। यमुना एक्सप्रेस के बूथ के कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक चालक कंटेनर छोड़कर भाग चुका था।

टक्कर लगते ही कार बन गई आग का गोला

बताया गया है कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला। आग लगते ही कार आग का गोला बन गई, वहां मौजूद लोग भी उन्हें बचाने में बेबस थे। पुलिस का कहना है कि जिंदा जलने वालों में एक बच्चा, एक महिला और तीन पुरुष लग रहे हैं। शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। कार नंबर लखनऊ जिले का UP 32 KW 6788 राजकुमार का पता चला है और उन्नाव के लोग सवार थे। इसी के जरिये शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

ओवरस्पीड बनी हादसे की वजह

इसी हफ्ते कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों की स्पीड कम की गई है। यमुना एक्सप्रेसवे पर अधिकतम गति सीमा 100 थी, जिसे 15 दिसंबर से घटाकर 80 किया गया है। यह फैसला एक्सप्रेसवे पर हादसे बचाने के लिए किया गया है। यमुना अथॉरिटी ने एक्सप्रेस-वे का संचालन देख रही जेपी इंफ्राटेक और पुलिस को स्पीड से जुड़े नए नियम का पालन कराने को कहा है। एक्सप्रेस-वे के एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर फॉग लाइट लगाई गई हैं। अथॉरिटी के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण एक्सप्रेसवे पर हादसों की आशंका रहती है। इसे देखते हुए वाहनों की अधिकतम गति सीमा को कम किया गया है।

अब भारी वाहनों की गति 60 किमी प्रति घंटा-
यमुना एक्सप्रेसवे पर चलने वाले हल्के वाहन 80 और भारी वाहन 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ही चल सकते हैं। इससे पहले हल्के वाहनों की गति 100 और भारी वाहनों की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित थी।

एंट्री-एग्जिट पर बांट रहे चेतावनी पर्चे-
एक्सप्रेस-वे पर ग्रेटर नोएडा से आगरा तक जगह-जगह पर गति सीमा बताते बोर्ड लगाए गए हैं। एक्सप्रेसवे के एंट्री और एग्जिट पॉइंट, टोल प्लाजा और हाइवे के किनारे बनी सुविधाओं पर वाहन चालकों कों इस बारे में पर्चे भी बांटे जा रहे हैं। हर टोल प्लाजा पर गति सीमा और कोहरे के दौरान सावधानी बरतने के लिए अनाउंसमेंट किए जा रहे हैं। एक्सप्रेस-वे के किनारे नए रिफ्लेकिटव टेप भी लगाए गए हैं।
काटे जा रहे चालान-
यमुना अथॉरिटी के अधिकारियों का कहना है कि नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे जा रहे हैं। कोहरा की वजह से विजिबिलिटी कम होने पर हादसे होने का खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए वाहनों की गति कम करने का फैसला लिया गया है।

DM-SSP ने घटना स्थल का लिया जायजा-
हादसे की जानकारी मिलते ही आगरा DM प्रभु एन सिंह और SSP बबलू कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ अर्चना सिंह के मुताबिक, टैंकर का फ्यूल टैंक फटने के कारण कार में आग लगी। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक से जानकारी ली जा रही है।

एक हफ्ते पहले भी हुआ था हादसा-
16 दिसंबर को संभल जिले में एक तेज रफ्तार रोडवेज बस और टैंकर की भीषण टक्कर हुई थी। इसमें बस में सवार 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा घने कोहरे की वजह से हुआ। बताया गया कि मानकपुर की मढ़इयां गांव के पास गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली खड़ी थी। टैंकर ने इसे ओवरटेक किया, तभी बस सामने आ गई। बस में करीब 45 लोग सवार थे।—–

Posted in

Leave a comment