श्रीराम मंदिर के लिए मातृ मंडल सेवा भारती ने दिया ₹25 हजार
बिजनौर (मुरादाबाद): मातृ मंडल सेवा भारती चांदपुर की कार्यकत्रियों ने श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 21000 की धनराशि जिला अध्यक्ष को सौंपी। उन्होंने भविष्य में अपने स्तर से और अधिक सहयोग करने के साथ ही अन्य लोगों से भी राम मंदिर में धन संग्रह कराने का भरोसा दिया।
मातृ मंडल सेवा भारती की नगर कार्यकारिणी की बैठक चांदपुर की शिवलोक कालोनी में जिला उपाध्यक्ष रचना त्यागी के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि मातृ मंडल सेवा भारती के प्रांत संयोजिका देवी नंदा तथा विशिष्ट अतिथि जिला अध्यक्ष शोभा शर्मा रहीं। बैठक में चांदपुर कार्यकारिणी की पदाधिकारियों ने अपनी ओर से श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 25000 रूपए की धनराशि जिलाध्यक्ष को सौंपी। इस अवसर पर प्रांत संयोजिका देवी नंदा ने कहा कि श्री राम मंदिर हिंदू समाज के लिए एक सपने के समान था। आज यह सपना पूरा हो रहा है तो प्रत्येक हिंदू को अपना फर्ज निभाने के लिए आगे आना चाहिए। कार्यकत्रियों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शोभा शर्मा ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हम हिंदू समाज की आस्था और प्रतिष्ठा श्रीराम मंदिर का निर्माण होते देख रहे हैं। सैकड़ों बरसों की लड़ाई लड़ने और अनगिनत श्री राम भक्तों के बलिदान के बाद आए इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनना हिंदू समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने भव्य श्री राम मंदिर निर्माण के लिए अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि तन, मन या धन, जिस भी तरह अपनी भागीदारी निभा सकते हैं निभाएं। कार्यकत्रियों ने भरोसा दिलाया कि श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भविष्य में भी आपस में मिलजुल कर और अधिक सहयोग करेंगी तथा अन्य लोगों से भी धन संग्रह कराने में अपनी भागीदारी निभाएंगी। बैठक में चांदपुर नगर अध्यक्ष प्रिंसा बस्सी, नगर उपाध्यक्ष सीमा शर्मा, नगर मीडिया प्रभारी नीलिमा त्यागी, नगर मंत्री संतोष सन्नाढय, सदस्य अभय सिंह, बीना मिश्रा, मेघा वर्मा व प्रिया तेवतिया आदि मौजूद रहीं।

Leave a comment