गोरक्षपीठ ने दिया श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए 1 करोड़ 1 लाख रुपए का चंदा
गोरखपुर। अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर निर्माण का सपना गोरखपुर के पीठाधीश्वर ने कई दशक पहले देखा था। महंत दिग्विजय नाथ, महंत अवैद्यनाथ और मौजूदा पीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ ने भी लंबी लड़ाई राम मंदिर के लिए लड़ी। आज जब श्री राम मंदिर निर्माण का यह सपना पूरा होने जा रहा है, तब गोरक्षपीठ ने भी दिल खोलकर भगवान श्री राम के मंदिर निर्माण के लिए दान दिया। गोरक्ष पीठ की तरफ से 1 करोड़ 1 लाख रुपए चंदा दिया गया। इस दौरान खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वहां मौजूद थे। सीएम योगी की उपस्थिति में गोरखपुर के उद्योगपतियों एवं व्यापारियों ने दिल खोलकर करीब पांच करोड़ रुपए दान दिया।

इस मौके पर श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि पूरे देश में लोग दिल खोलकर दान कर रहे हैं और देश की 50% से अधिक आबादी दान दे रही है। राय ने कहा, महंत अवैद्यनाथ और महंत दिग्विजय नाथ इस आंदोलन से जुड़े रहे हैं। महंत अवैद्यनाथ के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए मैं गोरखपुर आया था। वह 1984 से जीवन उपरांत तक राम मंदिर निर्माण आंदोलन से जुड़े थे।

15 जनवरी से शुरू हुआ अभियान 27 फरवरी तक चलेगा-
श्रीराम जन्मभूमि पर राम मंदिर निर्माण के लिए 15 जनवरी से ‘निधि समर्पण अभियान’ की शुरुआत की गई। इसमें सबसे पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 5 लाख 1 सौ रुपये की धनराशि दान में दी। यह अभियान 27 फरवरी तक चलेगा। इसके तहत पांच लाख से अधिक गांवों में रहने वाले 12 करोड़ से अधिक परिवारों से संपर्क किया जाएगा।

बैंक अकाउंट नंबर-
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक ने टोल फ्री नंबर जारी किए हैं, जिन पर फोन कर के आप राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पण निधि संबंधित जानकारी नि:शुल्क ले सकते हैं। सहयोग राशि कैसे और कहां देनी है, जैसे कई सवालों के जवाब आपको इन नंबर पर कॉल करके मिल जाएंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ऑफिशियल वेबसाइट पर बैंक अकाउंट की सारी डिटेल दी गई है। वेबसाइट पर ट्रस्ट से जुड़े सभी बैंक अकाउंट की लिस्ट अपलोड की जा चुकी है। आप वहीं से बैंक अकाउंट डिटेल देखकर पैसे जमा कर सकते हैं। ट्रस्ट ने तीन बैंक अकाउंट डिटेल जारी की हैं। यह 3 अकाउंट स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा में हैं।
Leave a comment