मध्य प्रदेश के हरदा में ह्रदयविदारक घटना
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुलाई उच्च स्तरीय बैठक
पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, कई की मौत और घायल
हरदा (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह ब्लास्ट के बाद आग लग गई। जानकारी के अनुसार 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 50 से ज्यादा घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुर्घटना पर संज्ञान लेकर उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं।

मध्य प्रदेश के हरदा में मगरदा रोड स्थित बैरागढ़ रेहटा नामक जगह पर स्थित पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार सुबह आग लग गई। इसके बाद भयानक विस्फोट होने लगे। ब्लास्ट इतने तेज थे कि आसपास की इमारतों को भी उन्होंने हिला दिया। कुछ इमारतों के गिरने की सूचना है। आग ने आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे कई लोगों के मारे जाने की सूचना है। पुष्टि अब तक नहीं हुई है। 100 के लगभग घायल बताए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदा ब्लास्ट को लेकर आपात बैठक बुलाई। साथ ही मंत्री उदय प्रताप सिंह के साथ वरिष्ठ अधिकारियों को हरदा रवाना होने के निर्देश दिए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। फायर ब्रिगेड भी आग बुझाने के लिए पहुंच गई। ब्लास्ट होने का सिलसिला थम नहीं रहा, जिससे राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो रहे हैं। एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने के समय 30 से अधिक मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। घायलों और मृतकों में बच्चों और महिलाओं के होने की भी आशंका व्यक्त की जा रही है।
Leave a comment