newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

मुरादनगर में श्मशान घाट की छत धंसने से दब गए कई लोग, मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख मुआवजा

लखनऊ (धारा न्यूज़): गाजियाबाद के मुरादनगर में श्मशान घाट की छत धंसने से चपेट में आए 18 लोगों की मौत हो गई जबकि 24 घायल हो गए। बारिश से बचने के लिए लोग छत के नीचे खड़े हुए थे। पुलिस और रेस्क्यू ऑपरेशन की टीम ने घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के परिवारों को सरकार 2-2 लाख की मदद देगी।

आज सुबह से दिल्ली एनसीआर में बारिश हो रही है। लोग यहां दयानंद कॉलोनी के दयाराम के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। बारिश से बचने के लिए काफी लोग छत के नीचे थे, तभी श्मशान घाट का लेंटर भरभरा कर गिर गया। कई लोग मलबे में दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। लेंटर का साइज काफी बड़ा होने के कारण पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए क्रेन बुलाई। पुलिस के अनुसार घटना में 18 लोगों की मौत हो गई जबकि 24 घायल हो गए। बारिश की वजह से रेस्क्यू में परेशानी आई। मृतकों में 3 की पहचान हो पाई है। ये संगम विहार और मुरादनगर के रहने वाले योगेंद्र, बंटी और ओंकार थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मरने वालों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपए की आर्थिक मदद देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंडलायुक्त मेरठ और एडीजी मेरठ जोन से घटना की रिपोर्ट मांगी है।

अंतिम संस्कार में शामिल थे 100 से ज्यादा लोग
दयानंद कॉलोनी के दयाराम की शनिवार रात बीमारी के चलते मौत हो गयी थी। रविवार को मुरादनगर श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए 100 से ज्यादा लोग जुटे थे। बारिश से बचने के लिए लोग गैलरी में खड़े हो गए। अचानक छत गिर गई।

———

Posted in

Leave a comment