
काम दिलाने के नाम पर ली एक करोड़ की रिश्वत, CBI ने रंगे हाथों दबोचा, पांच राज्यों में 20 लोकेशन पर CBI की दबिश
नई दिल्ली: CBI ने रेलवे के वरिष्ठ इंजीनियर महेंद्र सिंह चौहान को 1 करोड़ रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। महेंद्र सिंह के अलावा दो अन्य को भी गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई ने पांच राज्यों की करीब 20 लोकेशन पर छापेमारी की।

भारतीय रेलवे इंजीनियरिंग सेवा (आइआरइएस) 1985 बैच के अधिकारी महेंद्र सिंह को सीबीआई ने एक करोड़ की रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा है। सीबीआई ने एक करोड़ रुपए भी बरामद कर लिए हैं। महेंद्र सिंह चौहान कथित रूप से पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) में काम दिलाने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा था। उक्त अधिकारी असम में मालीगांव में NFR मुख्यालय में तैनात है। वहीं गिरफ्तार अन्य दो लोग महेंद्र सिंह चौहान के नाम पर रिश्वत ले रहे थे। सीबीआई सूत्रों के अनुसार जानकारी मिली थी कि महेंद्र सिंह चौहान पूर्वोत्तर रेलवे में काम दिलाने के नाम पर एक कंपनी से 1 करोड़ रुपये की रिश्वत मांग रहा है। बाद में जाल बिछाया गया। महेंद्र सिंह चौहान के कथित सहयोगी जब रिश्वत ले रहे थे, उसी समय सीबीआई के अफसर मौके पर पहुंच गए और उन्हें दबोच लिया। सीबीआई को संदेह है कि महेंद्र सिंह चौहान ने पहले भी रिश्वत ली होंगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सीबीआई ने कई अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। पिछले साल सीबीआई ने राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में तैनात रेलवे की मुख्य कार्यालय अधीक्षक को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था।
CBI के 2 घूसखोर अधिकारी निलंबित, अन्य दो पर होगी कार्रवाई
CBI ने करीब 4,300 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी के दो मामलों में जांच से संबंधित जानकारियां साझा करने और जांच प्रभावित करने के लिए कथित रूप से रिश्वत लेने पर अपने इंस्पेक्टर कपिल धनकड़ और स्टेनोग्राफर समीर कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है। इनके अलावा दो अन्य अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की है। जांच एजेंसी ने 2 दिन पहले ही चारों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

Leave a comment