मार्च में प्रमुख सचिव पीके सिन्हा के बाद दूसरा अहम इस्तीफा। अब अमरजीत सिन्हा ने दिया इस्तीफा।
नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार अमरजीत सिन्हा ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। हालांकि, इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है, लेकिन बतौर एक न्यूज एजेंसी प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से इसकी पुष्टि की है। सिन्हा ने इस्तीफे को लेकर किसी भी प्रकार के सवालों पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।

1983 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी श्री सिन्हा को पिछले साल फरवरी में पीएम मोदी का सलाहकार नियुक्त किया गया था। इस्तीफे के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। इस साल पीएमओ से यह दूसरा अहम इस्तीफा है। इसी साल मार्च में प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव पीके सिन्हा ने पद त्याग दिया था।
बताया गया है कि ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव के रूप में रिटायर होने के बाद सिन्हा को सलाहकार नियुक्त किया गया था। तीन दशक के करियर में सिन्हा शिक्षा और पंचायती राज मंत्रालय के बेहद महत्वपूर्ण पदों पर रहे। वह ग्रामीण विकास के मामलों के एक्सपर्ट माने जाते हैं। नेशनल रूरल हेल्थ मिशन और सर्व शिक्षा अभियान जैसी योजनाओं में उनकी भूमिका अहम रही। वह लाल बहादुर शास्त्री नेशनल अकैडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन में भी सेवा दे चुके हैं।
Leave a comment