
नई दिल्ली (एजेंसी)। शारदीय नवरात्र के पहले दिन आज भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इसमें कुल 344 नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां दी गई हैं।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यसमिति, विशेष आमंत्रित सदस्यों एवं स्थायी आमंत्रित सदस्यों की नियुक्ति कर दी है। इस बार मेनका गांधी, वरुण गांधी और विनय कटियार को शामिल नहीं किया गया है।

सूची के अनुसार डेढ़ साल पहले कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया और बंगाल चुनाव से ठीक पहले बीजेपी में शामिल मिथुन चक्रवर्ती को भी इसमें जगह दी गई है। राष्ट्रीय कार्यसमिति में 80 सदस्य हैं। इनमें प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, डॉ. मुरली मनोहर जोशी, पूर्व अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अमित शाह, राज्यसभा में नेता सदन पीयूष गोयल, ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल हैं। राष्ट्रीय कार्यसमिति में 50 विशेष आमंत्रित और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री, विधानसभाओं एवं विधान परिषदों में विधायक दल के नेताओं, प्रदेश अध्यक्षों, प्रदेश प्रभारियों, सह प्रभारियों, प्रदेश संगठन महामंत्रियों एवं संगठकों को शामिल किया गया है। पार्टी ने प्रवक्ताओं के लिए भी अपनी सूची जारी की है, जिसमें अनिल बलूनी, संजय मयूख, संबित पात्रा, सुधांशु त्रिवेदी, सैयद शाहनवाज हुसैन, राजीव प्रताप रूडी, शाजिया इल्मी, नलिन कोहली, गौरव भाटिया, सैयद जफर इस्लाम, टॉम वडक्कन के नाम शामिल हैं। प्रवक्ताओं की सूची में राज्यवर्धन सिंह राठौर, नूपुर शर्मा, राजू बिष्ट, केके शर्मा और प्रेम शुक्ला का भी नाम है।
Leave a comment