देहरादून। उत्तराखंड के त्यूनी क्षेत्र में रविवार सुबह एक यूटिलिटी वाहन के गहरी खाई में गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। चकराता पुलिस थाना के प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि बायला-पिंगुवा मार्ग पर एक निजी यूटिलिटी वाहन करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बस त्यूनी से विकासनगर जा रही थी। एसडीएम चकराता सौरभ असवाल ने बताया घटनास्थल के लिए चकराता और त्यूणी तहसील से राजस्व टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के पीछे ओवरलोडिंग एक वजह हो सकती है। कहा जा रहा है कि जिस रूट से ये यूटिलिटी निकल रही थी, वहां ज्यादा वाहन नहीं हैं, इसलिए बड़ी संख्या में लोग एक ही वाहन में सवार थे।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने दुर्घटना में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए हरसंभव मदद देने का निर्देश दिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद चकराता के विधायक और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए है।
Leave a comment