newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

केंद्र सरकार ने न्यायमूर्ति श्रीमती रंजना प्रकाश देसाई को भारतीय प्रेस परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया है। श्रीमती जस्टिस देसाई उच्चतम न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश हैं। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई को भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) के अध्यक्ष पद के लिए चुना गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और भारतीय प्रेस परिषद के सदस्य प्रकाश दुबे की एक समिति ने पीसीआई अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी। एक महत्वपूर्ण बैठक में ये फैसला लिया गया। 

सूत्रों ने बताया कि पीसीआई प्रमुख के रूप में न्यायमूर्ति रंजना देसाई की नियुक्ति की एक आधिकारिक अधिसूचना जल्द ही जारी की जाएगी। सूत्रों ने बताया कि मीडिया वॉचडॉग के अन्य सदस्यों की भी जल्द ही नियुक्ति की जाएगी। पैनल में सांसदों की नियुक्ति की सिफारिश का भी इंतजार है।

गौरतलब है कि इससे पहले न्यायमूर्ति चंद्रमौली कुमार प्रसाद (सेवानिवृत्त) पीसीआई अध्यक्ष थे। उनका कार्यकाल पूरा होने और पिछले साल नवंबर में पद छोड़ने के बाद से यह पद खाली पड़ा था। अब जाकर इस पर न्यायमूर्ति रंजना देसाई की नियुक्ति हुई है। 

न्यायमूर्ति रंजना देसाई का परिचय-
न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई का जन्म 30 अक्टूबर 1949 को हुआ था। उन्होंने 1970 में एल्फिंस्टन कॉलेज मुंबई से कला में स्नातक और 1973 में गवर्नमेंट लॉ कॉलेज, मुंबई से कानून में स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण की। वे सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रही हैं। 13 सितंबर 2011 को वे इस पद पर नियुक्त हुई थीं। इसके अलावा 72 वर्षीय न्यायमूर्ति देसाई बंबई उच्च न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश हैं। जस्टिस रंजना देसाई ने हाल ही में जम्मू और कश्मीर पर परिसीमन आयोग का नेतृत्व किया था, जिसे केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा क्षेत्रों को फिर से बनाने के लिए स्थापित किया गया था। कुछ दिनों पहले उत्तराखंड सरकार ने समान नागरिकता संहिता (यूनिफार्म सिविल कोड) लागू करने के लिए जो ड्राफ्टिंग कमेटी की घोषणा की है उसमें रंजना प्रकाश देसाई भी शामिल हैं।

Posted in

Leave a comment