घर में घुस कर गुलदार ने वृद्ध को निवाला बनाया
कई दिन से गांव के आसपास देखा जा रहा गुलदार
बिजनौर। हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के जलालपुर हसना गांव में अपने घर पर सो रहे एक वृद्ध को गुलदार ने मौत के घाट उतार दिया।

जानकारी के अनुसार गांव जलालपुर हसना में शुक्रवार रात्रि करीब 09 बजे चंद्रप्रकाश (65) वर्ष अपने घर पर टीन पड़ी छत के नीचे सोने चला गया। घर के सदस्य अंदर सोने चले गए। रात्रि में किसी समय गुलदार ने चंद्रप्रकाश को अपना शिकार बना लिया। चंद्रप्रकाश मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। उसके चार पुत्र में से एक रात्रि लगभग दो बजे जागा था, उस समय वह सो रहे थे। शनिवार सुबह पांच बजे चंद्रप्रकाश का बेटा रितेश चाय देने पहुंचा तो पिता का क्षतविक्षत शव देखकर शोर मचाया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। गुलदार उसके चेहरे, गर्दन और छाती को नोचकर खा गया था। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार लगातार गांव के आसपास देखा जा रहा था। शुक्रवार शाम भी कई ग्रामीणों ने आसपास गुलदार दिखाई देने का दावा किया।
सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
Leave a comment