newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

उत्तर भारत में तापमान में गिरावट, अगले चार दिन दिल्ली में पड़ेगी कड़ाके की सर्दी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अगले चार दिनों में शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तर प्रदेश के दूरदराज इलाकों में घना कोहरा छाया रहा।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में अगले चार दिनों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सफदरजंग वेधशाला ने बताया कि मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस तथा रविवार को 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान था। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले का चुर्क 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश के दूरदराज इलाकों में अगले कुछ दिनों में कड़ाके की ठंड वाली स्थितियां बनने का पूर्वानुमान लगाया है।
उधर कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान के जमाव बिंदू से नीचे रहने के चलते कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा। हफ्ते के आखिर तक मौसम शुष्क और ठंडा रहेगा और इस दौरान कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की बर्फबारी होने का अनुमान है। वहीं कश्मीर में 40 दिन तक पड़ने वाली कड़ाके की ठंड के दौर यानी चिल्लई कलां से घाटी में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान बर्फबारी होने की बहुत अधिक संभावना रहती है। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछली रात के शून्य से चार डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है। उन्होंने कहा कि दक्षिण कश्मीर में स्थित पर्यटन स्थल पहलगाम में भी तापमान पिछली रात के माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरकर शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। ओडिशा के आंतरिक इलाके में ठंड की वजह से जनजीवन प्रभावित है और कंधमाल जिले के फुलबनी में तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया और यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने अगले 24 घंटे में शीत लहर और गंभीर शीत लहर की आशंका व्यक्त की है। हरियाणा और पंजाब में तापमान में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई जबकि राजस्थान में रात के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हुई। हरियाणा में दिन में ज्यादातर स्थानों पर सामान्य से एक या दो डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान दर्ज किया गया जबकि पंजाब में तापमान 21-22 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। राजस्थान के कई हिस्सों में रात के तापमान में मामूली इजाफा हुआ है, वहीं चुरू मंगलवार को प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। सीकर, पिलानी, गंगानगर, भीलवाड़ा, डबोक और चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.5 डिग्री सेल्सियस, 4.9 डिग्री सेल्सियस, 6.1 डिग्री सेल्सियस, 6.4 डिग्री सेल्सियस, 6.6 डिग्री सेल्सियस और 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

——

Posted in , ,

Leave a comment