
Serum Institute ने किया कोरोना वैक्सीन की कीमतों का खुलासा: ₹200 चुकाने होंगे सरकार को, ₹1000 में खरीद सकती है जनता
मुंबई (धारा न्यूज): देश में दो कंपनियों को कोरोना वायरस वैक्सीन के इमरजेंसी यूज की ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) से अनुमति मिलने के बाद कोविशील्ड बनाने वाली सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने कीमतों का खुलासा कर दिया है। सरकार को ऑक्सफोर्ड की वैक्सीन 200 रुपए में दी जाएगी, जबकि जनता को इस वैक्सीन के लिए ₹1 हजार चुकाने होंगे। विदित हो कि पुणे की सीरम इंस्टीट्यूट में ऑक्सफोर्ट-एस्ट्राजैनेका की वैक्सीन कोविशील्ड का निर्माण हो रहा है।
सीईओ अदार पूनावाला ने कि वैक्सीन के लिए दो अलग-अलग कीमतें तय की गई हैं। यह वैक्सीन फाइजर-बायोएनटेक के मुकाबले सस्ती है, इसका ट्रांसपोर्टेशन भी आसान है। उनकी कंपनी हर महीने ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजैनेका की वैक्सीन के 50-60 मिलियन डोज बना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 2021 के मध्य तक देश में 130 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा है। हम सरकार के लिए वैक्सीन उपलब्ध करवाने को तैयार हैं। हमने सरकार को अपना प्रस्ताव भेज दिया है, अब सरकार के साथ कांट्रेक्ट साइन होने का इंतजार है। कांट्रेक्ट होने के 10 दिन के अंदर सरकार को वैक्सीन उपलब्ध कर दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा, सरकार ने अभी तक हमें वैक्सीन निर्यात करने की अनुमति नहीं दी है। जबकि, सऊदी अरब और दूसरे कुछ देशों से हमारे द्विपक्षीय संबंध हैं। हमने इस संबंध में सरकार से अनुमति मांगी है। यह मंजूरी मिलने के बाद हम दुनिया के 50 से ज्यादा देशों तक अपनी दवा पहुंचा पाएंगे।
देश में एक करोड़ लोगों को पहली डोज:
ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया ने रविवार को कोविशील्ड को आपातकालीन इस्तेमाल की अनुमति दे दी है। इसी के साथ देश में टीकाकरण के लिए भी ड्राई रन हो रहे हैं। हेल्थ सेक्टर से जुड़े 1 करोड़ लोगों को भारत में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज मिलेगी। इनमें आईसीडीएस वर्कर्स, नर्स, सुपरवाइजर, मेडिकल अफसर, पैरामेडिकल स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ और मेडिकल छात्र शामिल हैं।
——
Leave a comment