भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर बरसे विधानसभा नगीना प्रभारी सुरेंद्र सिंह नागर। बोले, वार्ड चुनाव से लेकर पालिका अध्यक्ष पद, विधान सभा और लोकसभा चुनाव में हार का कारण खुद हैं आप। भाजपाइयों ने चुनाव और संगठन को गंभीरता से नहीं लिया, यही खोल रहा है आपकी उदासीनता और कार्यकलापों की पोल। कार्यकर्ता लाएं अपनी कारगुजारियों में सुधार। नगीना में तैनात है वरिष्ठ पदाधिकारियों की फौज।
बिजनौर। राज्यसभा सांसद एवं विधानसभा नगीना के भाजपा प्रभारी सुरेंद्र सिंह नागर ने संगठन के कार्यक्रमों में उदासीनता बरते जाने पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपनी कारगुजारी में सुधार लाने के साथ ही बूथ कमेटी और सेक्टर इंचार्ज बनाए जाने एवं सरकार व संगठन की नीतियों को घर घर जाकर प्रचार प्रसार करने के कड़े निर्देश दिए। प्रभारी श्री नागर नगर मंडल की बैठक में निर्देश दे रहे थे।
भाजपा के विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा नगर मंडल की एक बैठक मोहल्ला कायस्थ सराय स्थित भाजपा नगर महामंत्री अरुण शर्मा के निवास पर संपन्न हुई। बैठक के दौरान राज्यसभा सांसद एवं बिजनौर जनपद के भाजपा प्रभारी सुरेंद्र सिंह नागर ने बूथ कमेटियों और सेक्टर प्रभारियों की सूची देने को कहा। बताया जाता है कि मौके पर सूची उपलब्ध नहीं कराए जाने पर श्री नागर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर बरस पड़े और कहा कि यहां सब कुछ कागजों पर ही चल रहा है, धरातल पर कुछ भी नहीं है। उन्होंने नसीहत भरे लहजे में साफ कहा कि नगीना के वार्ड चुनाव से लेकर पालिका अध्यक्ष पद, विधान सभा और लोकसभा चुनाव में हार का कारण आप ही हैं। यहां भाजपाइयों ने चुनाव और संगठन को गंभीरता से नहीं लिया, यही आपकी उदासीनता और कार्यकलापों की पोल खोलता है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस नगर में तीन भाजपा जिला उपाध्यक्ष और एक क्षेत्रीय मंत्री हो, वहां भाजपा कार्यकर्ता और सीनियर नेताओं का सम्मान नहीं हो रहा है और नगर की जनता का जमकर उत्पीडऩ किया जा रहा है। इससे सरकार और भाजपा संगठन के प्रति सही संदेश नहीं जा रहा है, बल्कि सरकार और भाजपा बदनाम हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जो अधिकारी पार्टीजनों का सम्मान या केंद्र और प्रदेश सरकार की जारी योजनाओं को ठीक तरह से संचालित या पात्र लोगों तक लाभ नहीं पहुंचा रहे हैं, उनकी सूची तैयार करें।
उन्होंने कहा कि नगर मंडल व जिला स्तर के पदाधिकारी उन लोगों के घर घर जाएं, जिनको सरकारी योजनाओं का लाभ मिला या नहीं मिला है। उनके बीच भाजपा सरकार और पार्टी की नीतियों के बारे में प्रचार प्रसार करें। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को जीत का आधार मिशन पर कार्य करें। कल किसने क्या किया उसको भूल कर कार्यकर्ता संगठन के लिए पूरे जोश खरोश के साथ कार्य में जुट जाएं। पार्टी को बदनाम करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं की कारगुजारियों की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान के सामने रखी जाएगी।
भाजपा नगर मंडल नीरज विश्नोई की अध्यक्षता एवं महामंत्री अरुण शर्मा के संचालन में आहूत बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, पूर्व भाजपा सांसद डॉ जसवंत सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेत्री रचना पाल, अनूप बाल्मीकि, कृष्ण बलदेव सिंह, अरविंद गहलोत, प्रमोद चौहान, अजीत अग्रवाल, चंद्रशेखर पाल, विकास उर्फ विक्की, सानू मित्तल, लवि मित्तल, गोपाल शर्मा, विशाल अग्रवाल, महावीर सिंह सैनी, शिव शंकर सक्सेना, संजय शर्मा समेत सभी सेक्टर इंचार्ज और बूथ कमेटी इंचार्ज मौजूद रहे। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि ने इस विषय में बताया कि पार्टी संगठन पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है।
Leave a comment