
सरकार ने गरीब को पक्का मकान देने का काम किया: स्वतंत्र देव
धामपुर के प्रियंका स्कूल में किसान संवाद कार्यक्रम में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
बिजनौर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। योगी सरकार गरीबों की सरकार है। इस सरकार में गांव, गरीब, किसान, झुग्गी, झोपड़ी का इंसान व महिलाओं को सम्मान मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व सीएम योगी अपने अब तक के वादों पर खतरे उतरे हैं। किसी पर भी भ्रष्टाचार व रिश्वत का दाग नहीं लगा है। दोनों सरकारें आम लोगों की सेवा करने का सपना पूरा करने के अपने लक्ष्य का साधने में जुटी हैं।

धामपुर में स्योहारा मार्ग स्थित प्रियंका मॉडर्न सीनियर सैकेंडरी स्कूल परिसर में सोमवार को किसान संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के यूपी के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा सहित विपक्षियों के एक जुट होकर आम लोगों को गुमराह कर नए-नए षडय़ंत्र रच कर किसानों के हितैषी होने का दावा कर रहीं हैं। किसी भी पार्टी की सरकार ने गरीबों को पक्के घर नहीं दिए है। केंद्र की मोदी सरकार ने गरीबों को 40 लाख पक्के मकान देने का काम किया है। आगामी 2024 तक बचे हुए पात्रों को भी पक्के घर देने का काम पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने दो करोड़ 63 लाख शौचालय देने की दिशा में काम किया है।

उज्जवला योजना के तहत एक करोड़ 47 लाख गैस कनेक्शन गरीब के घर में पहुंचाए हैं। जिन गांवों में बिजली के तार छूने से करंट नहीं लगता था, मगर जब बिल आता था तो करंट का झटका जरूर लग जाता था। सरकार ने एक करोड़ 80 लाख लोगों को बिजली के कनेक्शन देने का काम किया, जिससे हर आदमी उजाले में तीन के स्थान पर आठ रोटी खा जाता है। उन्होंनेे चुटकी लेते हुए कहा कि गैर भाजपा सरकारों में अंधेरे के कारण पत्नी का चेहरा नहीं दिखाई देता था। मगर अब खुशहाली ओर रोशनी का वातावरण सरकार ने दिया है।

किसान सम्मान निधि के तहत कृषकों का मान बढाया है। पांच सालों में गन्ना किसान का भुगतान किया है। विपक्षियों पर हमला बोलते हुए सपा, कांग्रेस के बारे में कहा कि दोनों पार्टियों में तय है कि अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन बनेगा। मगर भाजपा में अध्यक्ष के लिए चुनाव होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंदिर में रहते हैं, खुद का पक्का मकान भी नहीं है, जबकि देश के प्रधानमंत्री या रिश्तेदार का कोई घर नहीं है। मगर गरीब को पक्का मकान देने का काम सरकार कर रही है। बीमारी के इलाज के लिए पांच तक का खर्चा वहन करने के लिए आयुष्मान कार्ड, कोरोना को अवसर में बदलने का काम, श्रीनगर में धारा 370 समाप्त करने का काम, तीन तलाक पर कानून, दुबई व अयोध्या में मंदिर निर्माण, देश में घुसने से पहले ही आंतकियों का खात्मा सहित प्रदेश में बुल्डोजर चलाकर पहली बार एक हजार करोड़ दागियों की प्रॉपर्टी जब्त की है।
इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मिकी, धामपुर विधायक अशोक राणा, नहटौर विधायक ओम कुमार, चांदपुर विधायक कमलेश सैनी, बिजनौर सदर विधायक सुचि चौधरी, बढ़ापुर विधायक सुशांत सिंह, बैंकों के डायरेक्टर महेंद्र धनौरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया, पूर्व सांसद डा. यशवंत सिंह, यशवीर सिंह धोबी, भाजपा मंडलाध्यक्ष राघव शरण गोयल, जितेंद्र गोयल, प्रियंकर राणा, उदित नारायण सिंह, रोहित राणा सोनू, एसके देवरा आदि मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री भूपेंद्र सिंह बॉबी ने किया।

नगीना चौक पर राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण
नगीना चौराहा पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने राष्ट्रीय कार्यक्रम में राष्ट्रीय गान का गायन किया। इससे पूर्व राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण किया। उन्होंने नगीना चौराहा का नाम बदलकर तिरंगा चौक, ज्योतिबा फूले पार्क व प्रतिमा सहित पार्क पर लगने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के शिलापटों का लोकार्पण भी किया।
इस अवसर पर पालिका के ईओ सुभाष कुमार, पुष्पेंद्र सक्सेना, पवन कुमार, चेतन स्वरूप, अरूण कुमार, नीतिन अग्रवाल, अमित गुप्ता, डा. एनपी सिंह, डा. रश्मि शर्मा रावल, अनीता चौहान, सभासद रिहान शेख, शमशेर अली आदि रहे। अध्यक्षता चेयरमैन राजू गुप्ता ने की तथा संचालन राकेश चौधरी ने किया।
Leave a comment