newsdaily24

update रहें…हर दम, हर पल

प्रदेश की श्रेष्ठ पंचायतों में चौथी बार शुमार हुई जालबपुर गुदड़ पंचायत
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चुना गया

बिजनौर। विकास खंड नजीबाबाद की ग्राम पंचायत जालबपुर गुदड़ को एक बार फिर मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चुना गया है। नजीबाबाद विकास खण्ड की ग्राम पंचायत जालबपुर गुदड़ का मुरादाबाद मंडल की श्रेष्ठ ग्राम पंचायतो में शुमार रहा है। इसे लेकर निवर्तमान ग्राम प्रधान के प्रयासों की सराहना की जा रही है। ग्राम पंचायत जालब पुर गुदड़ की निवर्तमान ग्राम प्रधान नंदिनी राजपूत चार बार ग्राम पंचायत के मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए चुने जाने के बाद फिर से सम्मानित होने पर काफी गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों को देखते हुए सरकार ने एक बार फिर नंदिनी राजपूत को पुरस्कृत किया। उन्होंने ग्राम पंचायत का नाम जिले ही नहीं पूरे प्रदेश में रौशन किया है। जालबपुर गुदड़ ग्राम पंचायत को वर्ष 2017-18 में मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से नवाजा गया था। वर्ष 2018-19 में उक्त पंचायत का राम मनोहर लोहिया पंचायत राज सशक्तिकरण पुरस्कार के लिए चयन किया गया। मंडल मुरादाबाद में प्रथम स्थान प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। वर्ष 2019- 20 में मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए एक बार फिर चयन किया गया।
2020-21 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार के लिए भी जिला बिजनौर से एक मात्र ग्राम पंचायत जालबपुर गुदड़ को चयनित किया गया है। पुरस्कारों से प्राप्त धनराशि एनईएफटी के माध्यम से ग्राम पंचायत के खाते में भेज दी गई है। विदित हो कि नंदिनी राजपूत मुरादाबाद मंडल में ऐसी पहली ग्राम प्रधान हैं, जिन्हें पांच वर्षों के कार्यकाल में सर्वाधिक चार बार प्रदेश सरकार की ओर से सम्मानित किया गया और पांचवें राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए भी चयन किया जा चुका है। निवर्तमान ग्राम प्रधान जालबपुर गुदड़ नंदिनी राजपूत ने कहा कि पुरस्कार से हौसला बढ़ता है। ग्राम पंचायत में और अधिक विकास कार्य कराने के लिए उनके पास योजना भी है। भविष्य में भी वह इसी प्रकार सेवा करती रहेंगी। एडीओ पंचायत ऋषि कुमार ने कहा कि ग्राम पंचायत जालबपुर गुदड़ मुरादाबाद मंडल में नजीबाबाद विकासखंड की ऐसी पंचायत है जिसे प्रदेश स्तरीय पांच पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस ग्राम पंचायत ने नजीबाबाद का नाम रौशन किया है।

Posted in , ,

Leave a comment